• Wed. Sep 16th, 2026

पिकअप वैन की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की हुई मौत।

ByMoradabadprahari

Sep 15, 2026

कांठ। मुरादाबाद-बिजनौर रोड पर छजलैट थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाइक और पिकअप की आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय फैक्टरी मजदूर पिंटू की मौके पर ही मौत हो गई।छजलैट थाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक मजदूर पिंटू छजलैट थाना क्षेत्र के गांव करनपुर हरकिशनपुर का रहने वाला था। वह अगवानपुर की प्लाईवुड फैक्टरी में काम करता था। सोमवार को वह बिजनौर जिले के नूरपुर से बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहा था। छजलैट में रजपुरा और मथाना गांव के बीच में उसकी बाइक और पिकअप में जोरदार भिड़ंत हुई।

हादसे में पिंटू के गंभीर चोटें लगने के कारण उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पहुंची छजलैट थाना पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ ले गई। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिंटू की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिवार में कोहराम मच गया। उसकी मां कमला और भाई अरविंद रो-रो कर बेहाल थे। मृतक पिंटू के चाचा समरपाल सिंह ने बताया कि पिंटू दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता मंगलसेन का पहले ही निधन हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *