
MORADABAD,उत्तर प्रदेश की संवेदनशील योगी सरकार के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए आज जनपद मुरादाबाद के मुंडा पांडे स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती लॉ कॉलेज में समाज कल्याण विभाग द्वारा ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना‘ का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में विभिन्न वर्गों के कुल 261 निर्धन जोड़ों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सामूहिक विवाह सकुशल संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में कुन्दरकी विधायक ठा० रामवीर सिंह, ब्लॉक प्रमुख मुंडापांडे डॉ० नवीन यादव, ब्लॉक प्रमुख कुंदरकी हाजी गुलाम जिलानी, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, एडीएम प्रशासन श्री प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा वाजपेई सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर वर-वधू को आशीर्वाद दिया।
प्रति युगल 1 लाख रुपये की आर्थिक संबलता: पारदर्शी डीबीटी व उपहार व्यवस्था
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के आर्थिक ढांचे को इस तरह तैयार किया गया है जिससे नवदंपति बिना किसी वित्तीय संकट के अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकें। योजना में प्रति युगल स्वीकृत 1 लाख रुपये की कुल धनराशि में से 64,000 रुपये सीधे वधू के बैंक खाते में डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से भेजे जाते हैं। इसके साथ ही नई गृहस्थी जमाने के लिए 21,000 रुपये मूल्य के आवश्यक वैवाहिक व दैनिक उपयोग के उपहार जोड़े को भेंट किए जाते हैं। वहीं, 15,000 रुपये प्रति जोड़े की दर से समारोह स्थल पर परिजनों व अतिथियों के खानपान, टेंट, मंडप और स्वागत-सत्कार की उच्चस्तरीय व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।
जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन की गरिमामयी सहभागिता
समारोह स्थल पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले ने व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और नवदंपतियों को उपहार सौंपे। कुन्दरकी विधानसभा के विधायक ठा० रामवीर सिंह, मुंडापांडे ब्लॉक प्रमुख डॉ० नवीन यादव, कुंदरकी ब्लॉक प्रमुख हाजी गुलाम जिलानी के साथ मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, एडीएम प्रशासन श्री प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी ने वर-वधू के ऊपर पुष्पवर्षा कर उन्हें सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि योगी सरकार का यह सामूहिक प्रयास समाज में दहेज जैसी कुप्रथा पर कड़ा प्रहार करने के साथ निर्धन परिवारों को कर्ज के बोझ से मुक्ति दिला रहा है।
नवदंपतियों की जुबानी: सरकार के सहयोग से शुरू हुआ सुखद सफर
विवाह बंधन में बंधे युगलों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ नजर आई। मिलक के रहने वाले कुणाल और उनकी पत्नी भूरी ने बताया कि कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते विवाह की चिंता सता रही थी, लेकिन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना ने उनका विवाह इतने गरिमामयी मंच पर कराया और जरूरी सामान भी दिया, जिसके लिए वे मुख्यमंत्री जी के आभारी हैं। वहीं ग्राम व पोस्ट सरसखेड़ा के देवेन्द्र कुमार और उनकी जीवनसंगिनी आरती ने कहा कि इस योजना से उनका मान-सम्मान बढ़ा है और वे नई जिंदगी में कदम रख रहे हैं। मुरादाबाद निवासी नत्थू सिंह ने भी गृहस्थी का सामान मिलने और शानदार व्यवस्थाओं के बीच विवाह संपन्न होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से धन्यवाद किया।
शिक्षा से कन्यादान तक: बेटियों के सशक्तिकरण का योगी विजन
पूरे उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए एक रक्षा-कवच साबित हो रही है। यह पहल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उस दूरगामी सोच को दर्शाती है, जिसके केंद्र में प्रदेश की बेटियां हैं। सरकार जन्म से लेकर उनकी पढ़ाई-लिखाई, सुरक्षा और फिर कन्यादान तक हर पड़ाव पर अभिभावक बनकर खड़ी है। बेटियों के कल्याण के प्रति इस संवेदनशील नीति के चलते आज राज्य के हर कोने में निर्धन कन्याओं का विवाह पूरे स्वाभिमान और सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ संभव हो रहा है।
“शासन की मंशा के अनुरूप महर्षि दयानंद सरस्वती लॉ कॉलेज में समस्त वर्गों के 261 जोड़ों का सामूहिक विवाह पूर्ण शुचिता व भव्यता के साथ संपन्न कराया गया है। यह योजना निर्धन परिवारों की बेटियों को आत्मनिर्भर व सुरक्षित भविष्य देने का सशक्त माध्यम है।” – प्रज्ञा वाजपेई, जिला समाज कल्याण अधिकारी
