
MORADABAD ,अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) के आदेशानुसार एवं जिलाधिकारी (DM) व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) और फायर स्टेशन ऑफिसर (FSO) द्वारा विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के दृष्टिकोण से एक बड़ा आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस विशेष अभियान के दौरान अधिकारियों ने फैक्ट्रियों में स्थापित पंप रूम, स्प्रिंकलर, स्मोक डिटेक्टर, फायर अलार्म सिस्टम, डाउन कमर, अंडरग्राउंड वाटर टैंक, ओवरहेड टैंक और फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र) की सघन जांच की। इसके साथ ही मौके पर मौजूद कर्मचारियों और प्रबंधन के सामने फायर हाइड्रेंट का सजीव प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन) कराकर आपातकालीन तैयारियों को परखा गया।
सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विभाग द्वारा दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें लगातार ऐसे औद्योगिक प्रतिष्ठानों और फैक्ट्रियों को चिन्हित कर रही हैं, जहां अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों को पूरा न करने वाली ऐसी सभी इकाइयों को जल्द ही नोटिस जारी किया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
