• Wed. Sep 16th, 2026

सड़क सुरक्षा को लेकर मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह सख्त।

ByMoradabadprahari

Sep 15, 2026

ब्लैक स्पॉट्स पर प्रभावी सुधार, ई-रिक्शा संचालन और यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर।

मुरादाबाद मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह की अध्यक्षता में मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, सड़क सुरक्षा के उपायों, सेफ्टी ऑडिट, ब्लैक स्पॉट्स के सुधार, सोलैटियम योजना के लंबित प्रकरणों तथा ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन/निरस्तीकरण की कार्रवाई की समीक्षा की गई।


मंडलायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए संबंधित विभागों को समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि संबंधित सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।
उन्होंने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर आवश्यक साइनेज, रंबल स्ट्रिप, डिवाइडर आदि की व्यवस्था तथा चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर शीघ्र सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों पर साइनेज और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।

ई-रिक्शा संचालन पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश


मंडलायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर ई-रिक्शा के संचालन एवं ई-रिक्शा में माल ढोने पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जाए।
उन्होंने दुपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग सुनिश्चित कराने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

1,335 ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन/निरस्तीकरण की कार्रवाई


बैठक में बताया गया कि जनवरी से अगस्त 2026 तक मंडल में 1,335 ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन/निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। मंडलायुक्त ने इस कार्रवाई को संतोषजनक मानते हुए आगामी माह में भी सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया।

सोलैटियम योजना के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण


मंडलायुक्त ने सोलैटियम स्कीम के 78 लंबित प्रकरणों, जिनमें 41 प्रकरण जनपद मुरादाबाद के हैं, का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए।

‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’ को प्रभावी बनाने पर जोर


बैठक में ‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’ के अंतर्गत मंडल के अधीनस्थ जनपदों के विद्यालयों में संचालित सड़क सुरक्षा संबंधी गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि पुलिस, शिक्षा एवं परिवहन विभाग आपसी समन्वय से विद्यालयों में सड़क सुरक्षा कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें।


उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में प्रार्थना सभा के दौरान सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता, विद्यार्थियों में हेलमेट एवं यातायात नियमों के पालन की आदत विकसित करने तथा स्कूली वाहनों की नियमित जांच पर विशेष ध्यान दिया जाए। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में रोड सेफ्टी क्लब को सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए गए।


मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा नियमों के शत-प्रतिशत अनुपालन तथा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निरंतर निगरानी एवं प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *