• Thu. Sep 17th, 2026

किसान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनी किसानों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश।

ByMoradabadprahari

Sep 16, 2026

मुरादाबाद , जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने कृषि एवं किसान हित से संबंधित विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।किसानों द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में दर्ज त्रुटियों के सुधार के संबंध में अवगत कराया गया कि जनपद स्तर पर सुधार की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण पात्र कृषकों को योजना का लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इस पर जिलाधिकारी ने उपनिदेशक कृषि को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए किसानों की समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था के मुद्दे पर जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करना वहां तैनात सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी है।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही स्थानीय लोगों को भी श्रमदान के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।किसान क्रेडिट कार्ड प्राप्त करने में किसानों को आ रही दिक्कतों के संबंध में जिलाधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया कि जिन बैंकों द्वारा किसानों के मामलों में लापरवाही बरती जा रही है,

उनके बैंक प्रबंधकों से समस्याओं के कारणों की स्पष्ट जानकारी प्राप्त की जाए।जनपद में नकली दूध एवं हानिकारक मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि विभागीय स्तर पर अभियान निरंतर जारी है।

अब तक 30 से अधिक खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतते हुए मिलावटखोरी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कृषकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *