• Sun. Apr 5th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को सुरक्षित और स्वच्छ आहार की जानकारी दी गई।

ByMoradabadprahari

Sep 20, 2025

मुरादाबाद।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से मंगलवार को शहर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को सुरक्षित और स्वच्छ आहार की जानकारी दी गई। इस दौरान करीब 200 आंगनबाड़ी केंद्रों का पंजीयन कर खाद्य सुरक्षा व मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से उन्हें निःशुल्क प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया गया। सीडीपीओ कार्यालय ठाकुरद्वारा में आयोजित इस कार्यक्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य-2) राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के निर्देशन पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. भूमेंद्र सिंह व डॉ. राजीव कुमार ने प्रशिक्षण दिया। उन्हें साफ-सफाई रखने के तौर-तरीकों और खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच के घरेलू तरीके सिखाए गए। मौके पर ही FSW के माध्यम से मिलावट की जांच भी कराई गई।
अधिकारियों ने बताया कि छह माह से तीन वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर वितरित किए जाने वाले पुष्टाहार की गुणवत्ता और स्वच्छता बेहद अहम है। इसी को देखते हुए सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को विस्तार से प्रशिक्षित किया गया। इसी क्रम में नगर निगम परिसर स्थित कैंपसाइट बिल्डिंग ब्लॉक सभागार में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. एस.पी. सक्सेना व नगर आयुक्त प्रजापति सिंह की मौजूदगी में 110 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को सुरक्षित व स्वच्छ खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और रख-रखाव संबंधी नियमों की जानकारी दी गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी 19 सितंबर को नगर निगम मुरादाबाद में 125 वेंडर्स को FOSTAC ट्रेनिंग दिलाई जाएगी, जिससे वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने में सक्षम हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *