• Mon. Oct 12th, 2026

वेंन्डर एवं हाउसकीपिंग स्टाफ को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों तथा कचरा पृथक्करण के प्रति किया गया जागरूक

ByMoradabadprahari

Oct 12, 2026

वेंन्डर एवं हाउसकीपिंग

उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल दिनांक -12.10.2026 रुड़की स्टेशन पर स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं SWM-2026 के अंतर्गत वेंन्डर एवं हाउसकीपिंग स्टाफ को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों तथा कचरा पृथक्करण के प्रति किया गया जागरूक, मुरादाबाद मंडल द्वारा स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने के उद्देश्य से स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं SWM-2026 के अंतर्गत रुड़की रेलवे स्टेशन पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान स्टेशन पर उपस्थित यात्रियों, वेंडर्स एवं हाउसकीपिंग स्टाफ को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि एकल उपयोग प्लास्टिक पर्यावरण प्रदूषण का प्रमुख कारण है तथा इसके अनियंत्रित उपयोग से मिट्टी, जल एवं प्राकृतिक संसाधनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

सभी को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा इसके स्थान पर कपड़े के थैले एवं अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर यात्रियों एवं रेलवे स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों को चार प्रकार के डस्टबिन के उपयोग तथा कचरे के उचित पृथक्करण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें समझाया गया कि कचरे को उसकी प्रकृति के अनुसार निर्धारित डस्टबिन में डालना आवश्यक है, जिससे कचरे का उचित निस्तारण, पुनर्चक्रण तथा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। साथ ही, कचरे को इधर-उधर न फेंकने और स्टेशन परिसर में उपलब्ध डस्टबिन का नियमित उपयोग करने की अपील की गई। अभियान के माध्यम से यात्रियों, वेंडर्स एवं हाउसकीपिंग स्टाफ को स्वच्छता बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उन्हें बताया गया कि रेलवे स्टेशन की स्वच्छता केवल रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक यात्री, कर्मचारी एवं विक्रेता की सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उत्तर रेलवे का उद्देश्य ऐसे जागरूकता अभियानों के माध्यम से स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देना, प्लास्टिक प्रदूषण को कम करना तथा कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा देना है। सभी से अपील की गई कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक से बचें, कचरे का उचित पृथक्करण करें और रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें।

स्वच्छ रेल–स्वच्छ भारत!

स्वच्छता अपनाएं, पर्यावरण बचाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *