
चीनी मिल
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के गन्ना और चीनी उद्योग से जुड़ी सहकारी मिलों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया है। राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लिमिटेड (एनएफसीएसएफ), नई दिल्ली की ओर से आयोजित राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार समारोह में प्रदेश की 8 सहकारी चीनी मिलों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। चीनी मिल को मिला सर्वश्रेष्ठ सहकारी मिल का सम्मान।
अमरोहा की दि किसान सहकारी चीनी मिल
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में पुरस्कार प्रदान किए।वर्ष 2024-25 के पुरस्कारों में बिजनौर की दि किसान सहकारी चीनी मिल,स्नेह रोड, नजीबाबाद को सभी मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए समग्र रूप से सर्वश्रेष्ठ सहकारी चीनी मिल का प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला। इसी वर्ष लखीमपुर खीरी की सरजू सहकारी चीनी मिल,बेलरायां को गन्ना विकास,अमरोहा की दि किसान सहकारी चीनी मिल,गजरौला को चीनी परता यानी शुगर रिकवरी में सुधार और बागपत को-ऑपरेटिव शुगर मिल्स को वित्तीय प्रबंधन में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट वित्तीय प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार
वर्ष 2025-26 के लिए घोषित पुरस्कारों में भी उत्तर प्रदेश की चार सहकारी चीनी मिलों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मान मिला। मुजफ्फरनगर की दि गंगा किसान सहकारी चीनी मिल, मोरना को गन्ना विकास के क्षेत्र में पुरस्कार मिला। बागपत की रमाला सहकारी चीनी मिल और आजमगढ़ की दि किसान सहकारी चीनी मिल, सठियांव को उत्कृष्ट तकनीकी दक्षता के लिए सम्मानित किया गया। वहीं शाहजहांपुर की दि किसान सहकारी चीनी मिल,पुवायां को उत्कृष्ट वित्तीय प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार दिया गया।एनएफसीएसएफ की ओर से हर साल देश की सहकारी चीनी मिलों को उनके प्रदर्शन के आधार पर दक्षता पुरस्कार दिए जाते हैं।
इसके लिए गन्ना विकास, तकनीकी दक्षता, वित्तीय प्रबंधन और समग्र प्रदर्शन जैसे मानकों पर मिलों के कामकाज का आकलन किया जाता है।इन पुरस्कारों का उद्देश्य सहकारी चीनी मिलों में बेहतर कार्यक्षमता और प्रबंधन को बढ़ावा देना है। यूपी की 8 मिलों का अलग-अलग श्रेणियों में चयन प्रदेश के सहकारी चीनी उद्योग के प्रदर्शन को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के तौर पर देखा जा रहा है।इस उपलब्धि पर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, अपर मुख्य सचिव वीना कुमारी मीना,गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस,सहकारी चीनी मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक मंगला प्रसाद सिंह और संयुक्त प्रबंध निदेशक अमृत पाल कौर ने सभी पुरस्कृत चीनी मिलों के प्रबंध तंत्र और कर्मचारियों को बधाई दी।
मुरादाबाद में कल 28 सितंबर को बंद रहेंगे सभी स्कूल, मौसम विभाग की चेतावनी
