| एक माह बाद भी नहीं हुई कार्रवाई; किसान यूनियन ने दी आंदोलन की चेतावनी |

मुरादाबाद (ठाकुरद्वारा/डिलारी):उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के ‘भयमुक्त समाज’ और ‘जीरो टॉलरेंस’ के दावों के बीच मुरादाबाद जिले से सत्ता और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। बिजनौर की बढ़ापुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक कुंवर सुशांत सिंह पर चोरी के शक में डिलारी निवासी रामू कश्यप व दो अन्य युवकों को अपने रतूपुरा स्थित आवास (महल) में पुलिसकर्मियों के साथ ले जाकर अमानवीय यातनाएं देने का आरोप लगा है। घटना के एक महीना बीत जाने के बाद भी नामजद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार दहशत के साये में जीने को मजबूर है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित रामू कश्यप की मां ओमवती कश्यप (निवासी शांतिपुंज मोहल्ला, डिलारी) द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, विधायक के आवास पर काम करने वाले दो युवकों अतुल और लविश पर सोने का कड़ा चोरी करने का संदेह जताया गया था। आरोप है कि पूछताछ के दौरान रामू का नाम सामने आने पर विधायक के सहायक उसे घर से बुलाकर रतूपुरा स्थित आवास ले गए।परिजनों का आरोप है कि वहां पहले से ही अतुल और लविश को प्रताड़ित किया जा रहा था। विधायक, पुलिसकर्मियों व उनके साथियों ने रामू को भी रस्सी से बांधकर उल्टा लटकाया, डंडों व पट्टों से बेरहमी से पीटा और बिजली का करंट लगाया। गंभीर रूप से घायल होने पर युवकों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां रामू की हालत नाजुक बनी रही।
बड़ा सवाल एक महीना गुजरने के बात भी पुलिसने क्यों नही की FIR ?
पुलिस प्रशासन की भूमिका पर गंभीर आरोप पीड़ित परिवार ने इस पूरे प्रकरण में स्थानीय पुलिस की भूमिका को भी संदिग्ध बताया है। परिवार का आरोप है कि क्षेत्राधिकारी (सीओ) ठाकुरद्वारा और थाना अध्यक्ष डिलारी की संपूर्ण मिलीभगत के चलते मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
| घटना के बाद जब परिजन शिकायत लेकर डिलारी थाने पहुंचे, तो सीमा विवाद बताकर उन्हें ठाकुरद्वारा भेज दिया गया।तहरीर और चोटों के निशान होने के बावजूद एक महीना बीत जाने पर भी पुलिस की ओर से कोई ठोस दंडात्मक कार्रवाई या गिरफ्तारी नहीं की गई है। |
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिससे पूरा परिवार खौफ में है
भारतीय किसान यूनियन (संविधान) ने परिवार को दी सांत्वनाइस मामले के तूल पकड़ने के बाद अब सामाजिक और किसान संगठनों ने भी पीड़ित परिवार के समर्थन में आवाज बुलंद करनी शुरू कर दी है। भारतीय किसान यूनियन (संविधान) के राष्ट्रीय महासचिव रामेश्वर दयाल तुरैहा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर आरोपियों को जेल भिजवाया जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।
| प्रशासन और विधायक पक्ष का रुखदूसरी ओर, विधायक पक्ष के लोगों ने इन आरोपों को निराधार और राजनीतिक साजिश बताया है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में प्राप्त शिकायती पत्र के आधार पर जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।फिलहाल, एक तरफ जहां किसान यूनियन और अन्य संगठन इस मुद्दे को लेकर प्रशासन पर दबाव बना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पीड़ित परिवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगा रहा है। |
