• Fri. Sep 25th, 2026

मुरादाबाद मंडल में यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए व्यापक अभियान

ByMoradabadprahari

Sep 25, 2026

मुरादाबाद,उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल द्वारा यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने तथा स्टेशन परिसरों में स्वच्छता के स्तर को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में मुरादाबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों के लिए उपलब्ध पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर स्थापित लगभग 2,000 पानी की टंकियों की साफ-सफाई का कार्य अगस्त 2026 में प्रारंभ किया गया था।

टंकियों की नियमित सफाई एवं रख-रखाव का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्टेशन परिसरों में उपलब्ध पेयजल टैप के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सके।मंडल द्वारा पानी की टंकियों की सफाई के साथ-साथ स्टेशन परिसरों में स्थित पेयजल स्थलों, प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय, सार्वजनिक क्षेत्रों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी नियमित स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता व्यवस्था की निरंतर निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार सफाई एवं रख-रखाव संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं।

यात्रियों के स्वास्थ्य एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंडल में पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच भी की जा रही है। अभियान के अंतर्गत पिछले 07 दिनों में कुल 372 पेयजल सैंपल लिए गए हैं। इन सैंपलों की जांच की जा रही है। मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर उपलब्ध पेयजल स्रोतों एवं पेयजल व्यवस्था की गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जा रही है। मुरादाबाद मंडल द्वारा स्वच्छता अभियान के साथ-साथ यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

मुरादाबाद मंडल यात्रियों की सुविधा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित यात्रा को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर स्वच्छ पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा स्वच्छता के मानकों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए निरंतर आवश्यक कदम उठा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *