
>उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ₹167.79 लाख की पर्यटन विकास परियोजना का हुआ भूमि पूजन
>मंदिर परिसर में विकसित होंगी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए विभिन्न आधुनिक सुविधाएं
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत श्री गुरु जम्भेश्वर मंदिर, लोदीपुर धाम, मुरादाबाद में धार्मिक एवं पर्यटन विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 7:00 बजे मंदिर परिसर में विधि-विधानपूर्वक यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ में श्रद्धालुओं एवं उपस्थित गणमान्यजनों ने सहभागिता कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
इसके उपरांत प्रातः 9:30 बजे श्री गुरु जम्भेश्वर मंदिर लोदीपुर धाम के पर्यटन विकास हेतु उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा स्वीकृत परियोजना का भूमि पूजन मंदिर परिसर में माननीय मंत्री, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, उत्तर प्रदेश श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी के कर-कमलों द्वारा विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ। भूमि पूजन के साथ ही मंदिर परिसर में पर्यटन सुविधाओं के विकास एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा।
₹167.79 लाख की लागत से विकसित होंगी पर्यटन सुविधाएं
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा स्वीकृत इस परियोजना की स्वीकृति ₹167.79 लाख है, जबकि परियोजना के लिए ₹100.00 लाख की धनराशि अवमुक्त की गई है। परियोजना के अंतर्गत मंदिर परिसर को श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए अधिक सुविधाजनक, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।
परियोजना में मल्टीपरपज हॉल, यात्री शेड, स्वागत द्वार, टॉयलेट ब्लॉक, यात्री सुविधाएं, पेवर ब्लॉक, लाइटिंग तथा लैंडस्केपिंग कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं। यात्री सुविधाओं के अंतर्गत म्यूरल वॉल, साइनेज, बेंच एवं डस्टबिन आदि की व्यवस्था भी की जाएगी। इन कार्यों के पूर्ण होने से मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही परिसर के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन आकर्षण में भी वृद्धि होगी।
धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन विकास को मिलेगा नया आयाम
श्री गुरु जम्भेश्वर मंदिर लोदीपुर धाम धार्मिक एवं आध्यात्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। पर्यटन विकास परियोजना के माध्यम से यहां मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने तथा मंदिर परिसर को अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। पर्यटन अधिकारी श्री प्रदीप टम्टा न बताया कि परियोजना के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी तथा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
जनप्रतिनिधियों एवं मंदिर समिति के पदाधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
भूमि पूजन कार्यक्रम में एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, माननीय श्री गोपाल अंजान, विधायक श्री रितेश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष (प्रशासक) डॉ. शैफाली चौहान, जिलाध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश, महापौर विनोद अग्रवाल सहित सहकारी समिति के अध्यक्ष एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री जम्भेश्वर धाम समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिव श्री अजीत विश्नोई, श्री राजन विश्नोई सहित मंदिर के गुरुजी, समिति के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
