
काँठ। गणेश महोत्सव के समापन अवसर पर शुक्रवार को वैश्य विश्नोई शिव मंदिर मेन मार्केट काँठ से आनन्द विश्नोई द्वारा श्री गणेश विसर्जन शोभायात्रा का फीता काट कर शुभारंभ किया गया।उसके बाद भगवान श्री गणेश की प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा बड़े ही श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ धूमधाम से निकाली गई।
शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।शोभायात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों और डीजे पर बज रहे भक्तिमय गीतों से पूरा वातावरण गणेशमय हो गया। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते हुए तथा “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष लगाते हुए आगे बढ़े। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने गणेश जी की प्रतिमा पर पुष्पवर्षा कर पूजा-अर्चना की। शोभायात्रा वैश्य विश्नोई शिव मंदिर मेन मार्केट से प्रारम्भ होकर कांठ नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई नील सरोवर धाम पर पहुँची। शोभायात्रा में महिलाओं,युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ढोल की थाप और डीजे की भक्तिमय धुनों पर श्रद्धालुओं ने जमकर उत्साह मनाया।
नील सरोवर धाम पहुँचने पर पंड़ित सुरेन्द्र शर्मा द्वारा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धा एवं भावपूर्ण वातावरण में श्री गणेश प्रतिमा का विधि-विधान से विसर्जन किया गया।इस अवसर पर अनिल कुमार विश्नोई,मनोज कुमार विश्नोई,दीप विश्नोई, अभय कुमार विश्नोई,भरत विश्नोई,साहू पार्थ विश्नोई, हिमांशु विश्नोई,आशुतोष विश्नोई,कुंवरपाल सिंह विश्नोई, बबलू मराठा,ज्योति मराठा, विनीता विश्नोई,मोनिका विश्नोई,आशी विश्नोई,गुनगुन विश्नोई,तनू विश्नोई आदि श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से कांठ सी ओ सुनीता दहिया,कांठ थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेशपाल सिंह,एसआई संजीव कुमार, कस्बा इंचार्ज एसआई राहुल राघव, एसआई सोनम आदि उपस्थित रहे। श्री गणेश महोत्सव के सफल आयोजन एवं समापन पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
