
मुरादाबाद,बिलारी में बोर्ड परीक्षा में टॉपर बेटियां बनी एसडीएम और तहसीलदार।
उन्होंने जन समस्याएं सुनी और विभिन्न पटलों के प्रशासनिक कार्यों के बारे में ली जानकारी। नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के लिए प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज- 5 के अंतर्गत जिले में विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। तहसील बिलारी में मिशन शक्ति के अंतर्गत बोर्ड परीक्षा टॉपर्स बेटियों ने सांकेतिक रूप से एसडीएम और तहसीलदार की कुर्सी संभाली तथा जनसुनवाई की।एसडीएम के रूप में रितु गर्ग और तहसीलदार के रूप में इरम फातिमा तहसील पहुंची जहां एसडीएम विनय सिंह ने उनका स्वागत किया।इसके बाद दोनों बेटियों ने अपनी अपनी कुर्सी संभाली और जनसुनवाई शुरू की।जनसुनवाई में आने वाले शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भी लिखा।इसके बाद एसडीएम और तहसीलदार के रूप में बेटियों ने पूरे तहसील परिसर का निरीक्षण भी किया तथा विभिन्न कार्यालयों एवं पटलों पर पहुंचकर वहां होने वाले विभागीय कार्य और जनहित की योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।एसडीएम बिलारी ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह है कि बेटियों को सरकारी सेवाओं के अंतर्गत विभिन्न महत्वपूर्ण पदों से जुड़े कार्यों की जानकारी मिले साथ ही उनमें सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का भाव भी जागृत हो।
