• Mon. May 11th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

4.16 करोड़ की लागत से बनेगा जिला/मंडल कार्यालय होमगार्ड्स, दिसंबर 2026 तक बनकर होगा तैयार

ByMoradabadprahari

Jun 26, 2025

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मवीर प्रजापति ने किया शिलान्यास।

होमगार्डों से बोले राज्यमंत्री – सरकार आपके साथ, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें ड्यूटी।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्ष धर्मवीर प्रजापति ने मुरादाबाद शहर में जिला/ मंडलीय होमगार्ड्स कार्यालय का शिलान्यास किया।
शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचकर माननीय राज्यमंत्री ने पूरे विधि विधान से पूजा की।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में होमगार्ड्स कार्यालय को अपना भवन देने की दिशा में विभाग द्वारा तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में होमगार्ड्स विभाग में कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। पहले होमगार्ड जवानों के लिए ड्यूटी का अभाव रहता था जबकि वर्तमान में भरपूर ड्यूटी मिल रही है। किसी दुर्घटना में होमगार्ड की मृत्यु के उपरांत उनके परिजन को मिलने वाली अनुग्रह राशि को बढ़ाकर 05 लाख रुपए कर दिया गया है।
राज्यमंत्री ने बताया कि दुर्घटना में होमगार्ड की मृत्यु के उपरांत उनके परिजनों को आर्थिक रूप से अधिकतम मदद मुहैया कराने के उद्देश्य से होमगार्ड के खाते से संबंधित बैंक से 35 से 40 लाख रुपए तक आर्थिक सहायता दिलाने का कार्य किया जा रहा है जिससे उस परिवार का भरण पोषण बेहतर तरीके से हो जाता है। उन्होंने बताया कि अब तक आश्रित को होमगार्ड सेवा के लिए 05 साल के भीतर आवेदन करना होता था जिससे अधिकतर परिवारों के मृतक आश्रित को कम आयु और तय समय सीमा की बाध्यता के कारण होमगार्ड सेवा से जोड़ने में दिक्कतें आती थीं इसलिए सहानुभूतिपूर्वक इस मामले पर विचार करते हुए अब 05 साल की समयावधि की बाध्यता भी समाप्त कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार होमगार्ड जवानों के साथ खड़ी है उनका हर तरीके से ध्यान रख रही है। होमगार्ड जवान अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें। ड्यूटी स्थल पर जिम्मेदारी ही भरोसा जीतने का माध्यम होता है।
04.16 करोड़ रुपए की लागत से करीब 03 हजार वर्गमीटर में मुरादाबाद में जिला/मंडलीय कार्यालय होमगार्ड्स का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण इकाई यूपी प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा इस बिल्डिंग का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार इस बिल्डिंग को दिसंबर 2026 तक बनकर तैयार होना है। इस बिल्डिंग में ऑफिस, गैराज, गार्ड रूम, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक, बाउंड्रीवाल, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, ओवर हेड टैंक, सेफ्टिक टैंक आदि शामिल हैं।
इस दौरान डिविजनल कमांडेंट होमगार्ड्स श्री रामनारायण, डिविजनल कमांडेंट मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र सुनील कुमार द्वितीय, जिला कमांडेंट होमगार्ड्स श्री अभिषेक नारायण सिंह सहित अन्य अधिकारी गण मौजूद रहे।.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *