
सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन और अवैध कट एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश , जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने, अवैध कट बंद कराने, ओवरलोडिंग एवं अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के सभी उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध होगी कड़ी कार्रवाई
सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक में, जिलाधिकारी ने बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पांच बार से अधिक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा गंभीर मामलों में नियमानुसार लाइसेंस निरस्त करने की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश परिवहन विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने रोडवेज बस चालकों द्वारा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा बसों के अवैध संचालन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए एआरएम रोडवेज को निर्देशित किया।
नेशनल हाईवे के 38 चिन्हित अवैध कटों पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश
राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध कटों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के संबंध में जिलाधिकारी ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी 38 चिन्हित प्रकरणों में अवैध कट बंद कराने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर तेज की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कट बंद किए जाने के बाद यदि कोई व्यक्ति दोबारा उन्हें खोलता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए। इस संबंध में उन्होंने यातायात पुलिस के अधिकारियों को भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
अवैध बस संचालन पर अंकुश लगाने के लिए चलेगा अभियान।
जिलाधिकारी ने जनपद में बिना पंजीकरण अथवा आवश्यक वैधानिक अनुमतियों के संचालित बसों के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निजी बसों का संचालन मोटर वाहन अधिनियम एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही, नियमों का पालन करने वाली निजी बसों के व्यवस्थित संचालन के लिए शहर के बाहरी क्षेत्रों में उपयुक्त स्थान चिह्नित किए जाएं, ताकि अनियंत्रित बस संचालन और यातायात बाधित होने की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
ओवरलोडिंग एवं अवैध खनन परिवहन पर प्रभावी निगरानी के निर्देश
सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक में ,ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि खनन वाहनों को नियमानुसार जारी रवन्ने में निर्धारित मार्ग का पालन करना आवश्यक है। निर्धारित मार्ग से इतर अन्य मार्गों पर अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग की आशंका को देखते हुए उन्होंने प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने तथा आवश्यकता के अनुसार चिन्हित स्थानों पर नाका बैरियर स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक चेकिंग अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध समयबद्ध कार्रवाई की जा सके।
विद्यालयों, होटलों, मैरिज हॉल एवं अस्पतालों में पार्किंग व्यवस्था अनिवार्य
जिलाधिकारी ने मुख्य मार्गों पर स्थित ऐसे विद्यालयों, जिनके पास स्वयं की पार्किंग व्यवस्था नहीं है, को सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत समुचित पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होटल, मैरिज हॉल एवं अस्पताल भी अपने परिसर में आवश्यकतानुसार पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे सड़क पर वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग के कारण यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके। निर्देशों का अनुपालन न करने वाले संस्थानों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
जिले में एम्बुलेंस की संख्या में होगी वृद्धि, शासन को पत्र भेजने के निर्देश
बैठक में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने अवगत कराया कि जनसंख्या के अनुपात में जनपद में एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। इस पर जिलाधिकारी ने आवश्यकतानुसार एम्बुलेंस की संख्या में वृद्धि के संबंध में शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया।
स्ट्रीट वेंडरों को निर्धारित वेंडिंग जोन में स्थानांतरित करने के निर्देश ,सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक में
जिलाधिकारी ने अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार को निर्देशित किया कि मुरादाबाद शहर के प्रमुख मार्गों के किनारे ठेला लगाकर व्यवसाय करने वाले स्ट्रीट वेंडरों को नगर निगम द्वारा विकसित वेंडिंग जोन में नियमानुसार स्थानांतरित कराया जाए। इससे प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को भी कम किया जा सकेगा।
सड़क दुर्घटना में मृतकों के आश्रितों को पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ दिलाएं
जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में मृत व्यक्तियों के आश्रितों के प्रति संवेदनशीलता बरतने और उन्हें पात्रतानुसार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी दुर्घटना से प्रभावित परिवारों की परिस्थितियों का आकलन करते हुए उन्हें नियमानुसार उपलब्ध योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना तथा शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। इसी प्रकार पात्र निराश्रित महिलाओं एवं प्रभावित परिवारों को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित अन्य उपयुक्त योजनाओं से आच्छादित करने के लिए संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
पीएम राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के संबंध में पीएम राहत योजना के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को शीघ्र चिकित्सा सहायता मिलना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा घायलों को निकटतम उपयुक्त अस्पताल में समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन कराने, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा दुर्घटना प्रभावित व्यक्तियों और उनके परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव, यातायात पुलिस के अधिकारी तथा परिवहन, स्वास्थ्य, नगर निगम, एनएचएआई एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
