• Mon. May 11th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न

ByMoradabadprahari

Jun 23, 2025

विद्यालयों में बच्चों का पंजीकरण बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश।

निर्धारित मेन्यू के अनुसार मध्याह्न भोजन हो तैयार, रसोइया के मानदेय का समय से हो भुगतान।

मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई।मुख्य विकास अधिकारी द्वारा ऑपरेशन कायाकल्प के तहत निर्धारित 19 पैरामीटर्स के संतृप्तिकरण की स्थिति के बारे में समीक्षा के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री विमलेश कुमार ने बताया कि 19 पैरामीटर्स में से 13 पैरामीटर्स पर विद्यालयों में शत प्रतिशत संतृप्तिकरण हो गया है और शेष कार्यों को तेजी से कराया जा रहा है।उन्होंने मूलभूत अवस्थापना सुविधाओं के तहत विद्यालयों में टायलीकरण की स्थिति के बारे में विकासखंड वार समीक्षा की।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिला विद्यालयों में अभी फर्नीचर उपलब्ध नहीं है वहां प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराएं।जर्जर भवनों में कक्षाएं किसी भी दशा में संचालित नहीं होनी चाहिए। बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से सतर्कता बेहद महत्वपूर्ण है।उन्होंने जर्जर भवनों के नियमानुसार ध्वस्तीकरण कराने की प्रगति के बारे में जानकारी ली और जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि जर्जर भवनों की दीवारों पर जर्जर भवन होने और उससे दूरी बनाए रखने के बारे में सतर्कता संदेश लिखवाएं।उन्होंने कांठ में निर्माणाधीन सीएम अभ्युदय कंपोजिट स्कूल के निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली और खंड शिक्षा अधिकारी को सीएम अभ्युदय कंपोजिट स्कूल के निर्माण कार्य की प्रगति का नियमित रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि नामित नोडल अधिकारी नियमित तौर पर विद्यालयों का निरीक्षण करते रहें।कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में निर्धारित पैरामीटर्स के अनुसार सुविधाओं की उपलब्धता और छात्राओं की संख्या के साथ ही शिक्षा व्यवस्था के बारे में भी जाना।कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में बालिकाओं के लिए तैयार कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता के बारे में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से जानकारी के दौरान उन्होंने कहा कि निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता में किसी भी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए अधिकारी नियमित तौर पर निरीक्षण करते रहें।मध्यान्ह भोजन योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि रसोइया के मानदेय के भुगतान को लेकर गंभीरता दिखाएं साथ ही बच्चों के लिए निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार हो।01 जुलाई से पहले हर ब्लॉक स्तर पर अध्यापकों का प्रशिक्षण सत्र आयोजित होगा जिसमें शिक्षा व्यवस्था को उत्कृष्ट ढंग से लागू कराने वाले अध्यापकों द्वारा अन्य अध्यापकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इस प्रशिक्षण सत्र में निर्धारित रोस्टर के अनुसार सभी अध्यापकों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य अधिकारी गण मौजूद रहे।.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *