• Wed. Sep 30th, 2026

सेवा संकल्प अभियान के विभाग का जागरूकता कार्यक्रम।

ByMoradabadprahari

Sep 30, 2026
सेवा संकल्प अभियान

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने लगाया जागरूकता शिविर। शासकीय योजनाओं के लाभ से अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों को जोड़ने पर दिया गया जोर

MORADABAD ,सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा विकास खण्ड मुरादाबाद परिसर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों विभागों द्वारा संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाते हुए पात्र पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगजन लाभार्थियों का अधिकाधिक समावेशन सुनिश्चित करना रहा।कार्यक्रम के दौरान पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित शादी अनुदान योजना के अंतर्गत 31 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही ओ-लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 21 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।


दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के कुल 145 सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 10 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 15 व्हीलचेयर, 10 एमआर किट, 35 ट्राइसाइकिल, 10 ब्रेल किट, 20 कान की मशीन, 10 स्मार्ट केन एवं 35 बैसाखी शामिल हैं। सहायक उपकरण प्राप्त कर लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।


कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य श्री गोपाल अंजान ने विभागीय योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पारदर्शी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को सशक्त बनाना है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आकाश पाल, ब्लॉक प्रमुख विकास खण्ड मुरादाबाद मनीष सिंह, उपनिदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण शरद प्रकाश श्रीवास्तव, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी श्रीमती तूलिका शर्मा, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी श्री विजय कुमार यादव, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण श्वेतांक पाण्डेय, सहायक निदेशक बचत सिद्धार्थ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा लाभार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *