घर में घुसकर नाबालिग से छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर परिजनों से मारपीट व धमकी देने का आरोप।
विवेचना के दौरान धाराओं में बढ़ोतरी के बाद भोजपुर पुलिस ने आरोपी अनस को गिरफ्तार किया।

मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तपल अंतिल के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भोजपुर पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ और धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, थाना भोजपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने 15 अगस्त 2026 को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि एक युवक उसके घर में घुस आया और उसकी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़छाड़ की। आरोप है कि जब परिजनों ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर थाना भोजपुर में मु0अ0सं0 349/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मामले में अन्य संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराओं की भी बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए 17 सितंबर 2026 को थाना भोजपुर पुलिस ने आरोपी अनस पुत्र राशिद, निवासी ग्राम गजरौला सैद, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।
