
बिजनौर। बिजनौर जिले के धामपुर शहर में एक दुकान पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। क्षत्रिय नगर कॉलोनी के निकट हुई इस घटना में किराएदार ने मारपीट और सामान बाहर फेंकने का आरोप लगाया है, जबकि दुकान स्वामिनी ने भी मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर मिलने की पुष्टि की है और मामले की जांच जारी है। धामपुर के मोहल्ला गुजरातियान निवासी डॉ. अमित कुमार ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले क्षत्रिय नगर कॉलोनी निवासी वासु राजपूत से यह दुकान किराए पर ली थी। उनका दावा है कि दुकान के लिए एक निश्चित मासिक किराए पर पंजीकृत समझौता (रजिस्टर्ड एग्रीमेंट) हुआ था और उन्होंने अग्रिम राशि भी जमा की थी।डॉ. अमित के अनुसार,रविवार सुबह 20-25 अज्ञात लोग उनकी दुकान पर पहुंचे और दुकान में रखा सारा सामान बाहर सड़क पर फेंक दिया। जब डॉ. अमित मौके पर पहुंचे, तो उनके साथ कथित तौर पर बुरी तरह मारपीट की गई।जिससे उनके कान और सिर में चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।दूसरी ओर, दुकान स्वामिनी प्रियंका राजपूत ने भी मारपीट का आरोप लगाया है। प्रियंका के पिता जगदीश चौहान ने बताया कि उनके दामाद की कुछ साल पहले मृत्यु हो गई थी और अब उनकी बेटी व बच्चे अकेले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. अमित कुमार ने उनके दामाद से तय किराए से भी कम किराए पर दुकान किराए पर लिखवा ली थी। उन्होंने मारपीट के आरोपों से इनकार किया और बताया कि यह मामला काफी समय से अदालत में भी चल रहा है।इस घटना से जुड़ा दुकान के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दुकान के अंदर विवाद होता दिख रहा है।कोतवाल रविंद्र प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
