क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, निशुल्क चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर एवं अन्य सामाजिक सेवा कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाएगा,

मुरादाबाद। बड़े हर्ष एवं गौरव के साथ दिनांक 21 मई 2026 को होटल ड्राइव इन 24, मुरादाबाद में एक नए रोटरी क्लब “रोटरी क्लब ऑफ मुरादाबाद मेडिको” का भव्य शुभारंभ एवं प्रथम बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह क्लब अपने आप में एक विशेष एवं अनूठा रोटरी क्लब है, क्योंकि इसमें शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक एवं मेडिकल प्रोफेशनल्स सदस्य के रूप में जुड़े हैं।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटेरियन सीए नितिन अग्रवाल (रोटरी गवर्नर) एवं प्रीति अग्रवाल रहीं। उनके कर-कमलों द्वारा क्लब की औपचारिक शुरुआत एवं बोर्ड गठन कार्यक्रम संपन्न कराया गया। इस अवसर पर मुरादाबाद के विभिन्न रोटरी क्लबों के अध्यक्ष, सचिव एवं अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे तथा नवगठित क्लब के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

“रोटरी क्लब ऑफ मुरादाबाद मेडिको” का उद्देश्य सेवा, समर्पण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को आगे बढ़ाना है। रोटरी इंटरनेशनल विश्व की एक प्रतिष्ठित संस्था है, जो समाज सेवा एवं मानव कल्याण के कार्यों के लिए जानी जाती है। इसी सेवा भावना को ध्यान में रखते हुए इस क्लब की स्थापना की गई है, ताकि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ समाज के लिए और अधिक प्रभावी सेवाएं प्रदान कर सकें।इस क्लब के संस्थापक सदस्यों में डॉ. गिरजेश कैन (डायरेक्टर, ओरेकल आई हॉस्पिटल) एवं डॉ. कार्तिक गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सकों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रोटरी एवं डॉक्टरों की टीम ने सदैव समाजहित में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। पोलियो उन्मूलन जैसे वैश्विक अभियान में भी रोटरी की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है, जिसके परिणामस्वरूप आज विश्व पोलियो मुक्त होने की ओर अग्रसर है।क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, निशुल्क चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर एवं अन्य सामाजिक सेवा कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाएगा, जिससे समाज के जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल सके।कार्यक्रम के अंत में फेलोशिप एवं डिनर का आयोजन किया गया, जिसमें सभी उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों ने सहभागिता की तथा क्लब के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
