
बिजनौर जिले के स्योहारा नगर में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की एक बार फिर कोशिश सामने आई है। कुमारों वाली ढाली के पास स्थित एक मंदिर में लगी मूर्ति को कुछ शरारती तत्वों द्वारा खंडित किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।स्योहारा कोतवाल ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि माहौल खराब करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि लगभग दो वर्ष पहले भी इसी स्थान पर मंदिर की मूर्ति को खंडित किया गया था। अब दोबारा ऐसी घटना होने से लोगों में नाराजगी के साथ-साथ चिंता का माहौल भी है। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।वहीं पुलिस प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस सतर्क है और माहौल शांतिपूर्ण बना हुआ है।अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर वे कौन लोग हैं जो बार-बार स्योहारा का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
