• Tue. May 19th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) की सह्याद्रि योजना: निम्न आय वर्ग के लिए वरदान, शानदार कनेक्टिविटी से संवरेगा आशियाने का सपना

ByMoradabadprahari

May 18, 2026

मुरादाबाद।मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) द्वारा शुरू की गई ‘सह्याद्रि योजना’ शहर के निम्न आय वर्ग (LIG) के परिवारों के लिए एक बड़ा वरदान साबित होने जा रही है। अपने आशियाने का सपना देख रहे लोगों के लिए प्राधिकरण ने इस महत्वाकांक्षी योजना के प्रथम चरण के तहत 609 प्लाट उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया है। यह योजना न केवल किफायती प्लांट मुहैया कराएगी, बल्कि आधुनिक जीवन स्तर और बेहतरीन कनेक्टिविटी का एक बेजोड़ उदाहरण भी पेश करेगी।

हर मुख्य हाईवे से शानदार कनेक्टिविटी

सह्याद्रि योजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी भौगोलिक स्थिति और यातायात सुगमता है। प्राधिकरण के अनुसार, इस आवासीय योजना का जुड़ाव शहर के हर मुख्य हाईवे से बेहद शानदार रहेगा। हाईवे से सीधे जुड़ाव के कारण यहाँ रहने वाले लोगों को आने-जाने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह कनेक्टिविटी भविष्य के लिहाज से इस क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

अधिकारियों की मेहनत और कमिश्नर का विशेष ध्यान

इस बड़ी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों और अभियंताओं ने दिन-रात एक किया है। योजना की बारीकियों और गुणवत्ता को लेकर न केवल एमडीए की टीम गंभीर रही, बल्कि मंडलायुक्त (कमिशनर) आंजनेय कुमार सिंह ने भी इसमें विशेष रुचि ली है। कमिश्नर के दिशा-निर्देशों और लगातार की गई समीक्षा के चलते ही योजना को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। उनके विशेष ध्यान देने के कारण प्रोजेक्ट में बुनियादी सुविधाओं और निर्माण की गुणवत्ता पर खास फोकस किया गया है।

एमडीए का कहना है कि योजना का उद्देश्य केवल आवास उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को एक संपूर्ण आधुनिक शहरी जीवनशैली प्रदान करना है। इसी को ध्यान में रखते हुए योजना में चौड़ी एवं सुव्यवस्थित सड़कें, हरित पट्टियां, आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, विद्युत एवं जलापूर्ति व्यवस्था, सामुदायिक सुविधाएं तथा सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण विकसित किया जाएगा। हरित एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण पर विशेष बल दिया गया है ताकि लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली मिल सके।सह्याद्रि योजना में विभिन्न आय वर्गों को ध्यान में रखते हुए लगभग 609 आवासीय भूखण्ड प्रस्तावित किए गए हैं। इन भूखण्डों का क्षेत्रफल 50 वर्गमीटर से 200 वर्गमीटर तक रखा गया है। योजना में टाइप-A (200 वर्गमीटर), टाइप-B (162 वर्गमीटर), टाइप-C (112.5 वर्गमीटर), टाइप-D (72 वर्गमीटर), टाइप-E (81.50 वर्गमीटर), टाइप-F (60 वर्गमीटर) तथा टाइप-G (50 वर्गमीटर) श्रेणी के भूखण्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। भूखण्डों की अनुमानित दर ₹39,600 प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गई है।योजना के लिए पंजीकरण अवधि 18 मई 2026 से 17 जून 2026 तक निर्धारित की गई है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। इच्छुक नागरिक जनहित पोर्टल एवं मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क ₹1,500 निर्धारित किया गया है। सामान्य वर्ग के आवेदकों को अनुमानित भूखण्ड लागत का 10 प्रतिशत तथा आरक्षित वर्ग के आवेदकों को 5 प्रतिशत पंजीकरण धनराशि ऑनलाइन जमा करनी होगी।शासन की नीतियों के अनुरूप योजना में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन, सरकारी सेवाओं के कर्मचारी, भूतपूर्व सैनिक एवं अन्य पात्र वर्गों के लिए आरक्षण प्रावधान भी निर्धारित किए गए हैं।प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सभी भूखण्डों का आवंटन पूर्णतः पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। लॉटरी ड्रॉ की तिथि एवं अन्य जानकारी समाचार पत्रों, प्राधिकरण की वेबसाइट तथा नोटिस बोर्ड के माध्यम से सार्वजनिक की जाएगी। साथ ही आवेदकों की सूची भी ड्रॉ से पूर्व सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाएगी, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *