100 CCTV कैमरों और 22 पुलिसकर्मियों की मेहनत लाई रंग

मुरादाबाद। पुलिस ने शहर में हुई डकैती की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश किया है, जिसकी साजिश घर की ही बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। “इश्क, दौलत और दगा” की इस कहानी में पुलिस ने मुख्य आरोपी अरशद वारसी समेत 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से ₹47 लाख की नकदी, दो कारें, 5 मोबाइल और 3 अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं।
बेटी ने ही थमाई थी प्रेमी को घर की चाबियां
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी अरशद वारसी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। अरशद का वादी इमरान की पुत्री के साथ पिछले 8-9 वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इमरान दोनों की अलग-अलग जाति होने के कारण शादी के खिलाफ थे। इसी बीच, संपन्न कारोबारी पिता के घर में मौजूद भारी नकदी को देख प्रेमी जोड़े के मन में लालच आ गया।
योजना के तहत, युवती ने न केवल घर की नकदी और हलचल की जानकारी अरशद को दी, बल्कि एक महीने पहले ही उसे घर की चाबियां भी सौंप दी थीं। घटना वाली रात मुख्य द्वार खोलने का जिम्मा भी युवती ने ही लिया था।
सात कड़ियों में रची गई साजिश
दौलत के लालच में अरशद ने एक लंबी चेन तैयार की:
अरशद ने कुलदीप से संपर्क किया।
कुलदीप ने रवि को जोड़ा।
रवि ने निक्की को शामिल किया।
निक्की के जरिए उसका दोस्त आदित्य गैंग में आया।
आदित्य अपने साथ बिट्टू और 3-4 अन्य अज्ञात बदमाशों को लेकर आया।
इन सभी ने योजनाबद्ध तरीके से रात के अंधेरे में घर में प्रवेश किया और डकैती को अंजाम देकर फरार हो गए। गिरोह इतना शातिर था कि पकड़े जाने के डर से उन्होंने इस्तेमाल की गई गाड़ियों के नंबर प्लेट के साथ भी छेड़छाड़ (रिपेयर) की थी।
इस बड़ी वारदात को सुलझाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए चार विशेष टीमों का गठन किया गया, जिसमें कुल 22 पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने शहर के 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और साक्ष्यों को जोड़ते हुए बदमाशों तक पहुँचने में सफलता हासिल की।
इसमें बरामदगी
नकदी लगभग ₹47,00,000 (सैंतालीस लाख रुपये)
2 कारें
3 अवैध तमंचे
5 सेट
पुलिस अब इस मामले में फरार अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। इस खुलासे ने एक बार फिर रिश्तों में पनपते लालच के खतरनाक अंजाम को सामने लाकर खड़ा कर दिया है।
*मुरादाबाद : पीतल कारोबारी के यहां लूट का मामला**एसएसपी ने प्रेस वार्ता कर किया खुलासा**कारोबारी की बेटी अरीबा ने करवाई थी लूट**प्रेमी अरशद ने साथियों के साथ मिलकर करवाई लूट**मुरादाबाद से योगेश कुमार के साथ मनोज कुमार की रिपोर्ट*
