
कांठ। नगर में मिट्टी से भरे हुए डंपर आबादी के बीच से होकर निकलने से लोगों में काफी रोष व्याप्त है। कांठ नगरवासियों ने इन मौत के वाहन,डंपरों से हादसे की आशंका जताई है। पूर्व में डंपरों से हादसे होने के बाद भी इनके आबादी से होकर निकलने पर अंकुश नहीं लग पाया है। इन डंपरों से कांठ तहसील क्षेत्र में अनेक लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है।कांठ तहसील क्षेत्र में अवैध खनन को बंद कराने की मांग कांठ नगर के लोगों ने एसडीएम कांठ संतदास पंवार से की है।कांठ में चेतरामपुर रोड पर मिट्टी का खनन चल रहा है। यहां से प्लॉटों और भूमियों को पाटने के लिए डंपरों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी को ढोने का काम किया जा रहा है। मिट्टी भरे यह डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां चेतरामपुर रोड से होते हुए दशहरा मेला ग्राउंड कांठ के सामने से निकलकर मोहल्ला माननगर, पट्टीवाला,फकीरगंज से होकर मंडी समिति रोड से होकर निकाले जा रहे हैं। आबादी के बीच में दौड़ रहे यह डंपर जहां हादसों को न्योता दे रहे हैं,तो वहीं धूल और मिट्टी से लोग परेशान हैं। इसी के साथ इन डंपरों से मंडी समिति रोड भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। बुधवार को कांठ नगर के मोहल्ला माननगर निवासी महेंद्र सिंह मिट्टी से भरे हुए डंपर की चपेट में आने से बाल बाल बच गए। जिसके कारण कोई बड़ा हादसा होने से टल गया।
