
मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपदीय शुल्क नियामक समिति, पेरेंट्स टीचर एसोसियेशन एवं विभिन्न विद्यालयों के संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और अभिभावकों के हितों की सुरक्षा को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कक्षा 01 से 08 तक तथा कक्षा 09 से 12 तक एनसीईआरटी की पुस्तकों को पढ़ाने संबंधी शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय द्वारा नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान विद्यालयों में ड्रेस बदलने, पुस्तकें बदलने एवं शुल्क वृद्धि जैसे संवेदनशील विषयों पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि इन मामलों में मनमानी रोकने के लिए एक विशेष समिति गठित की जा रही है, जो आगामी 15 दिनों के भीतर प्रत्येक विद्यालय का रिकॉर्ड जांचकर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जांच रिपोर्ट में जिन विद्यालयों में अनियमितताएं अथवा नियमों का उल्लंघन पाया जाए, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि शिक्षा के नाम पर अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालना स्वीकार नहीं किया जाएगा और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था कायम की जाएगी।
