
मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान अपनी कुर्सी छोड़कर स्वयं फरियादियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं।पूर्वाह्न 10:00 बजे से मध्यान्ह 12:00 बजे तक चली जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व, बिजली, पानी, पुलिस एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

इस दौरान जिलाधिकारी ने कई फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी का संवेदनशील एवं जनहितकारी रवैया देखने को मिला। फरियादियों ने भी जिलाधिकारी द्वारा स्वयं उनके पास पहुंचकर समस्याएं सुनने की पहल की सराहना की।डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
