
कांठ थाना क्षेत्र में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार की सुबह रायपुर खुर्द गांव में गन्ने की बुवाई के समय तेंदुए ने घात लगाकर किसान पर हमला करके उसको घायल कर दिया। घायल को पहले कांठ नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। हालत नाजुक होते देखकर सीएचसी कांठ के चिकित्सकों ने उसको बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कांठ थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर खुर्द गांव निवासी कपिल देव पुत्र गणपत सिंह मंगलवार की सुबह अपने खेत में गन्ने की फसल की बुवाई के लिए बीज तैयार कर रहे थे। इसी दौरान खेत के पास स्थित झाड़ियों में छिपे हुए तेंदुए ने घात लगाकर कपिल देव पर हमला कर दिया। कपिल देव की चीखे सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और मजदूर डंडे और कृषि उपकरण लेकर दौड़ते हुए उनके पास आए। जिनको देखकर तेंदुआ भाग गया। घटना की सूचना मिलने पर कपिल देव के परिजन और रायपुर खुर्द के अनेक ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायल कपिल देव के इलाज के लिए तत्काल ही सीएचसी कांठ लेकर गए। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। तेंदुए के द्वारा किसान पर हमले की सूचना वन विभाग को दी गई। जिस पर वन विभाग की टीम तुरंत ही रायपुर खुर्द गांव में पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करके खेतों में सर्च ऑपरेशन चलाया। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि हाल ही में रायपुर खुर्द के जंगल में ही तेंदुए के शावक देखे गए हैं। जिससे मादा तेंदुआ और अधिक खतरनाक हो सकती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि खेतों में अकेले ना जाएं। समूह में ही रहकर काम करे। लगातार बढ़ रहे हमलों से कांठ क्षेत्र में तेंदुए का भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से रायपुर खुर्द गांव में पिंजरा लगाकर तेंदुओं को पकड़ने की मांग की है। वन विभाग के डिप्टी रेंजर पुष्पेन्द्र सिंह ने बताया कि ग्राम रायपुर खुर्द के जंगल में इस घटना से पहले भी तेंदुए के शावक देखे गए थे। इस खेत में भी तेंदुए के शावक होने के कारण मादा तेंदुआ ने किसान कपिल देव पर हमला किया। उन्होंने कहा कि रायपुर खुर्द गांव में पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने इस संबंध में ग्रामीणों को सतर्क और जागरूक रहने के लिए कहा है।
