गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य का किया औचक निरीक्षण

समीक्षा बैठक में एमआरआई मशीन, पुलिस चौकी और बिजली के मुद्दे गूंजे, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मुरादाबाद।
उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री अनिल कुमार ने सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि बीते 9 सालों में यूपी ने सुशासन की नई परिभाषा गढ़ी है। प्रदेश में अब संगठित अपराध और माफियाओं का अंत हो चुका है और कानून का राज स्थापित हुआ है। इसी का परिणाम है कि यूपी आज निवेशकों की पहली पसंद बन गया है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह समय केवल एक पड़ाव नहीं, बल्कि ‘नए भारत’ के निर्माण में यूपी की ऐतिहासिक यात्रा का प्रतीक है। सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था लागू कर जनता का विश्वास जीता है।
रोजगार, किसान और इंफ्रास्ट्रक्चर पर दिया जोर
प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री अनिल कुमार ने आंकड़ों के जरिए सरकार के कामकाज का ब्योरा रखा:

- रोजगार: पारदर्शी प्रक्रिया से 9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गईं। निजी क्षेत्र और एमएसएमई (MSME) के जरिए 3 करोड़ से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा हुए।
- किसान: गन्ना किसानों को 3.15 लाख करोड़ रुपये का ऐतिहासिक भुगतान किया गया और गन्ना मूल्य 315 से बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल किया गया।
- उद्योग व आस्था: 30 हजार से ज्यादा नई फैक्टरियां पंजीकृत हुईं। डिफेंस कॉरिडोर और एक्सप्रेस-वे का जाल बिछाया गया है। वहीं, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण और कुंभ मेले में 66 करोड़ श्रद्धालुओं की भागीदारी ने सनातन गौरव को बढ़ाया है।
विश्वविद्यालय निर्माण में लाएं तेजी, बढ़ाएं मजदूरों की संख्या
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद प्रभारी मंत्री ने गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में ही कुलपति, जिलाधिकारी और कार्यदायी संस्था के साथ बैठक की। मंत्री ने सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए तत्काल मजदूरों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांचने के लिए परिसर में बनी लैब और उपकरणों का भी मुआयना किया और स्पष्ट किया कि मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक: स्वास्थ्य सुविधाओं की उठी मांग, बिजली विभाग को चेतावनी
सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और आला अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में स्थानीय मुद्दे प्रमुखता से छाए रहे। मंत्री ने पिछली बैठक के निर्देशों के अनुपालन की रिपोर्ट तलब की।- स्वास्थ्य: सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए एमआरआई मशीन और डायलिसिस के संसाधनों की मांग रखी, जिस पर मंत्री ने नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
- कानून व ट्रैफिक: जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह ने रामगंगा विहार हाई स्ट्रीट जोन में पुलिस चौकी बनाने की मांग उठाई। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि इस पर कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, एमएलसी गोपाल अंजान ने ग्रीन ऑर्किड चौराहे से हर्बल पार्क तक हो रही सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाया, जिस पर मंत्री ने पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
- सड़क व परिवहन: ठाकुरद्वारा बस अड्डे के जीर्णोद्धार पर एआरएम रोडवेज ने बताया कि प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। सड़कों के किनारे अतिक्रमण पर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने बताया कि नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
- बिजली व जनसुनवाई: प्रभारी मंत्री ने बिजली महकमे के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें और गलत बिलों की शिकायतों का तुरंत समाधान करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को हिदायत दी कि जनसुनवाई के निर्धारित समय में अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
बैठक में जिलाधिकारी अनुज सिंह ने जिले के विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट पेश की। इस मौके पर नगर विधायक रितेश गुप्ता, उपाध्यक्ष एमडीए अनुभव सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी समेत कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
–
