• Mon. Apr 6th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

आस्था,ईको-टूरिज्म और अत्याधुनिक सुविधाओं का नया केंद्र बना मुरादाबाद, करोड़ों के विकास से बदली ‘पीतल नगरी’ की तस्वीर,

ByMoradabadprahari

Mar 26, 2026

16 करोड़ से संविधान पार्क तो 6 करोड़ से हनुमान वाटिका का निर्माण, धार्मिक पर्यटन को मिल रही नई पहचान

25 ई-बसों और 276 पार्कों के कायाकल्प से सर्विस सेक्टर को मिली रफ्तार, सैलानियों का सफर हुआ सुगम

मुरादाबाद, 25 मार्च। उत्तर प्रदेश की ‘पीतल नगरी’ मुरादाबाद अब केवल अपने उ‌द्योगों के लिए ही नहीं, बल्कि आस्था, ईको-टूरिज्म और बेहतरीन सर्विस सेक्टर के एक नए हब के रूप में प्रदेश के नक्शे पर उभर रही है। शहर में आधारभूत ढांचे और पर्यटन को नई ऊंचाइयां देने के लिए करोड़ों रुपये का निवेश किया गया है। 16.00 करोड़ रुपये की लागत से बने संविधान पार्क और 6.00 करोड़ की लागत से निर्मित हनुमान वाटिका ने शहर की आबोहवा को पूरी तरह बदल दिया है। मुख्यमंत्री द्वारा 06 अगस्त 2025 को लोकार्पित इन विकास कार्यों से न सिर्फ पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल रही हैं, बल्कि शहर की होटल और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री को भी एक नई संजीवनी मिली है।आस्था और धरोहर का अद्भुत संगमशहर में धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन को विशेष तरजीह दी जा रही है।

एक ओर जहां 6.00 करोड़ रुपये की लागत से बनी हनुमान वाटिका श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गई है, वहीं दूसरी ओर बिलारी विधानसभा क्षेत्र में स्थित प्राचीन चन्द्र देव महाराजा मंदिर का पर्यटन विकास कार्य भी कराया जा रहा है। इसके साथ ही, 31.00 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से एक भव्य वार मेमोरियल का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। शहर में प्रवेश करते ही सैलानियों के भव्य स्वागत के लिए जनपद के जीरो पॉइंट पर 1.2 करोड़ रुपये की लागत से ‘राष्ट्रीय गौरव स्मारक’ के रूप में कुंवर सर्वेश कुमार सिंह स्मृति द्वार का निर्माण किया गया है।ईको-टूरिज्म और प्रकृति के करीबपर्यटकों और शहरवासियों को उत्कृष्ट व प्राकृतिक वातावरण देने के लिए मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने 472 लाख रुपये की लागत से 10 एकड़ भूमि पर ‘अम्बेडकर नेचर पार्क’ विकसित किया है। इस अत्याधुनिक पार्क में पैदल पथ, ओपन एअर थिएटर, योग स्थल और ओपन एअर जिम जैसी बेहतरीन सुविधाएं मौजूद हैं। इसके अलावा, रामगंगा नदी के तट पर ‘अटल पथ’ का विकास एक शानदार सार्वजनिक पर्यटन स्थल के रूप में किया गया है। शहर के सौंदर्य को और निखारने के लिए महानगर के 276 पार्कों में 19.9 करोड़ रुपये की लागत से ओपन जिम की स्थापना, रंगाई-पुताई और सौन्दर्गीकरण का कार्य पूरा किया गया है।ई-बसों और स्मार्ट सुविधाओं से आवागमन हुआ सुगमपर्यटन और सर्विस इंडस्ट्री की सबसे बड़ी जरूरत बेहतर यातायात और जन-सुविधाएं होती हैं, जिसे मुरादाबाद में एक नया मुकाम मिला है। आम नागरिकों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को सस्ता, वातानुकूलित और प्रदूषण मुक्त सफर देने के लिए शहर में 25 इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जा रही हैं। इन बसों के सुचारू संचालन और रखरखाव के लिए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत एक आधुनिक चार्जिंग स्टेशन और डिपो भी बनाया गया है। इसके अलावा, शहर में आने वाले आगंतुकों के लिए 20 प्रमुख स्थानों पर स्मार्ट वाटर एटीएम लगाए गए हैं। सौर ऊर्जा से संचालित ये एटीएम बेहद कम दरों पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध करा रहे हैं। इन आधुनिक सुविधाओं से न केवल शहर का आवागमन आसान हुआ है, बल्कि स्थानीय सर्विस सेक्टर में भी एक बड़ा उछाल देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *