डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा ने बताया कि डॉ. रविंद्र सिंह पर मरीजों के शोषण का आरोप है

मुरादाबाद। अपना दल (कमेरावादी) के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मंडल अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका (CMS) से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के डॉ. रविंद्र सिंह पर मरीजों से अवैध वसूली करने और डराने-धमकाने का गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
डरा-धमका कर वसूले रुपये
मंडल अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा ने बताया कि डॉ. रविंद्र सिंह पर मरीजों के शोषण का आरोप है। शिकायत के अनुसार, बीती 20 मार्च को डॉक्टर ने मरीज प्रवेश देवी से ऑपरेशन के नाम पर 5,000 रुपये की मांग की थी। रुपये न देने पर उन्होंने गलत ऑपरेशन करने और गलत इंजेक्शन लगाने का भय दिखाकर मरीज से 1,000 रुपये ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, डॉक्टर पर आरोप है कि उन्होंने मरीज को पीलीकोठी रोड स्थित ‘प्रभात मेडिकल’ से 4,570 रुपये के धागे लाने पर मजबूर किया।
बाहर की दवाइयों का सिंडिकेट
प्रतिनिधि मंडल ने सीएमएस को अवगत कराया कि केवल प्रवेश देवी ही नहीं, बल्कि ग्राम खडूउआ निवासी मुन्नी देवी व अन्य कई मरीजों से भी इसी तरह अवैध वसूली की गई है। आरोप है कि अस्पताल में सरकारी सुविधाएं होने के बावजूद मरीजों को प्रभात मेडिकल से दवाइयां और धागे मंगवाने के लिए बाध्य किया जाता है, जो एक बड़े कमीशन खेल की ओर इशारा करता है।
तीन दिन का अल्टीमेटम अपना दल (क) ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि अगले तीन दिनों के भीतर आरोपी डॉ. रविंद्र सिंह के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने को विवश होंगे।प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद:इस दौरान ठाकुर मंजू राठौर, आंचल कश्यप, बाबू खान, धर्मेंद्र कश्यप, अजय सैनी और विक्की कश्यप सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
