
मुरादाबाद,टीचर्स फेडरेशन के बैनर तले टीईटी परीक्षा के विरोध में चल रहे शिक्षकों के प्रदर्शन के क्रम में कल 26 फरवरी को बीएसए बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय मुरादाबाद में बेसिक शिक्षक और शिक्षिकाओं के द्वारा धरना प्रदर्शन किया जाएगा। मंगलवार की शाम उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष और जिला उपाध्यक्ष श्री कपिल सिरोही के द्वारा बताया गया कि शिक्षकों के उपर टीईटी की परीक्षा थोपे जाने की वजह से उसके विरोध में शिक्षकों का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने कहा कि पुराने सभी शिक्षकों पर टीईटी परीक्षा को थोपना पूरी तरह से उत्तर प्रदेश सरकार का एक अनुचित कदम है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ नीरज शर्मा ने कहा कि शिक्षकों का तर्क है कि जो शिक्षक एक दशक से अधिक समय से प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन शिक्षकों पर इस तरह की परीक्षा को थोपना उनके अनुभव का एक अपमान हैं। जिसके विरोध में कल सुबह से उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय मुरादाबाद पर धरना प्रदर्शन शुरू करेगा।
