• Thu. Mar 5th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

एसआईआर के अंतर्गत विशेष अभियान दिवस 22 फरवरी पूर्वाह्न 10:30 से अपराह्न 1:30 बजे तक मतदेय स्थलों पर रहेंगे बीएलओ।

ByMoradabadprahari

Feb 21, 2026

MORADABAD , जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अन्तर्गत दावा एवं आपत्ति अवधि में अधिक से अधिक संख्या में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित कराने तथा मतदाता सूची को शुद्ध करने के उद्देश्य से दावा एवं आपत्ति प्राप्त किये जाने हेतु विशेष अभियान दिवस आयोजित कराये जाने के निर्देश दिये गये हैं।
उन्होंने बताया कि रविवार दिनांक 22 फरवरी 2026 को जिले के समस्त मतदेय स्थलों पर चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान दिवस को सफल बनाने के लिए समस्त अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि विशेष अभियान दिवस में प्रत्येक मतदेय स्थल पर प्रातः 10ः30 बजे से अपरान्ह् 1ः30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे। सभी बीएलओ के पास 6 जनवरी, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची तथा पर्याप्त संख्या में सभी प्रकार के फार्म यथा 6, 6ए, 7 एवं 8 उपलब्ध रहेंगे। विशेष अभियान में प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था होगी जहां मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता प्रदान की जाएगी।
मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को अभियान तिथि की जानकारी देते हुए उनसे सहयोग प्राप्त किया जा रहा है। सभासदों, ग्राम प्रधानों एवं स्वयंसेवकों का भी नियमानुसार सहयोग लिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त विशेष अभियान दिवस के पर्यवेक्षण हेतु निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को भ्रमणशील रहते हुए विशेष अभियान को सफल बनाये जाने के निर्देश दिये गये हैं।
उन्होंने समस्त नागरिकों से अपील की है कि विशेष अभियान दिवस 22 फरवरी 2026 को अपने बूथ पर जाकर अपना तथा अपने परिवार के सदस्यों के नाम 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में अंकित नही है अथवा ऐसे सदस्य जिनकी आयु 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी हो, उनका भी फार्म 6 घोषणा पत्र सहित भरवाकर अपने बूथ लेवल अधिकारी को दें अथवा ECINET मोबाइल एप्लीकेशन या voters.eci.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन भी आवेदन किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त आलेख्य मतदाता सूची में अंकित अपनी प्रविष्टि में किसी भी त्रुटि को सुधारने के लिए फॉर्म 8 भरा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *