| नजीबाबाद, स्टेशन अधीक्षक ने साधी चुप्पी, कैमरे से बचते नजर आए अधिकारी |

बिजनौर। जनपद बिजनौर के नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर आज एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। स्टेशन पर स्थित पेट्रोलियम डिपो के पास मुरादाबाद की ओर जा रही एक मालगाड़ी के दो पहिए अचानक पटरी से उतर गए।
जैसे ही मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरे, पूरे रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही आनन-फानन में रेलवे के आला अधिकारी और कर्मचारी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। सबसे बड़ी बात यह है कि यह हादसा पेट्रोलियम डिपो के पास हुआ है।
अगर आग लगने जैसी कोई घटना होती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।घटना के संबंध में जब रेलवे अधिकारियों से जानकारी लेने की कोशिश की गई, तो नजीबाबाद रेलवे स्टेशन अधीक्षक ने पूरे मामले पर चुप्पी साध ली।
वहीं, मौके पर मौजूद अन्य रेलवे अधिकारी भी मीडिया के कैमरे के सामने आने से बचते नजर आए।फिलहाल रेलवे की तकनीकी टीम ट्रैक को दुरुस्त कर स्थिति को सामान्य करने में लगी हुई है, और इस रूट पर रेल यातायात को लेकर जांच की जा रही है।
