


बिजनौर। भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम क्षेत्र के संगठनात्मक पुनर्गठन में जनपद बिजनौर को बड़ी अहमियत मिली है। पार्टी नेतृत्व ने बिजनौर के तीन वरिष्ठ नेताओं को क्षेत्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव सिसोदिया और सुभाष वाल्मीकि को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष तथा हरजिंदर कौर को क्षेत्रीय मंत्री के पद पर नियुक्त किया गया है।इस घोषणा के बाद से जनपद में भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।नवनियुक्त पदाधिकारियों की नियुक्ति की खबर मिलते ही जिला कार्यालय से लेकर मंडल स्तर तक बधाईयों का तांता लग गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह नियुक्ति पूरी तरह से योग्यता और लंबे समय से पार्टी के प्रति समर्पण का सम्मान है।
जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभव का लाभ पूरे पश्चिम क्षेत्र को मिलेगा और संगठन और अधिक मजबूत होगा।नवनियुक्त क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव सिसोदिया ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो भरोसा जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। वहीं सुभाष वाल्मीकि ने कहा कि वे संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे। क्षेत्रीय मंत्री बनीं हरजिंदर कौर ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
