• Wed. Sep 2nd, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

यातायात नियम तोड़ने वालों पर बिजनौर पुलिस का शिकंजा, 1421 वाहनों पर कार्रवाई

ByMoradabadprahari

Sep 1, 2026

बिजनौर। बिजनौर जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बिजनौर यातायात पुलिस ने तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 1421 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। जबकि गंभीर यातायात उल्लंघन करने वाले 18 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

अभियान के तहत काली फिल्म,मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न,हूटर,बिना हेलमेट और बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन चालकों को विशेष रूप से चेक किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से आवश्यक दस्तावेज भी चेक किए और नियमों का उल्लंघन मिलने पर चालान की कार्रवाई की।


अभियान के पहले दिन सोमवार को शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान तेज आवाज और पटाखे जैसी आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 62 वाहनों के चालान किए गए। इनमें 30 बुलेट मोटरसाइकिलों के मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही उतरवाकर यातायात कार्यालय में जमा कराए गए।


वहीं, बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 350 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले 112 वाहन चालकों के चालान किए गए। इसके अलावा वाहनों पर काली फिल्म लगाने वाले 10 चालकों की मौके पर ही काली फिल्म उतरवाई गई।आम लोगों और राहगीरों को परेशान करने तथा अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले प्रेशर हॉर्न और हूटर लगे 20 वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई।यातायात प्रभारी रवि नैन ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे हेलमेट का प्रयोग करें, निर्धारित संख्या में ही सवारी बैठाएं और वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों के पालन को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *