
मुरादाबाद, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने सोमवार को मुरादाबाद शहर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट के सुरक्षित रख-रखाव, वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था तथा साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने आयोग द्वारा निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुपालन की स्थिति के संबंध में एडीएम प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती संगीता गौतम से जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने वेयरहाउस परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
साथ ही विद्युत वायर आदि से संबंधित सुरक्षा मानकों का भी विशेष ध्यान रखने को कहा, ताकि किसी भी प्रकार की विद्युत संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम एवं निर्वाचन संबंधी सामग्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए वेयरहाउस की सुरक्षा, रख-रखाव एवं निगरानी व्यवस्था को पूरी तरह मानकों के अनुरूप रखा जाए।
