
कांठ। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।इसी क्रम में गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक,मुरादाबाद के निर्देशन में पुलिस क्षेत्राधिकारी कांठ सुनीता दहिया ने कांठ थाना क्षेत्र में रसूलपुर नहर,
किसान तिराहा और छजलैट थाना क्षेत्र में कैच की पुलिया पर बनाए गए ड्यूटी प्वाइंटों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीओ कांठ सुनीता दहिया ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था बाधित न होने पाए, कांवरियों के साथ मित्रवत व्यवहार रखा जाए और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता बरती जाए।
असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के भी निर्देश दिए।सीओ कांठ सुनीता दहिया ने बताया कि सभी प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के बीच शिवभक्त कांवरिये सकुशल गुजर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर कांठ थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेशपाल सिंह,छजलैट थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सहरावत, राजीव कुमार आदि उपस्थित रहे।
