
धामपुर (बिजनौर)। बिजनौर जिले के धामपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अलावलपुर में गोयल धर्म कांटा के पास कालागढ़ रोड पर बन रहे एक निजी अस्पताल के निर्माण को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी धामपुर को ज्ञापन सौंपकर कथित अवैध बेसमेंट और नियम-विरुद्ध निर्माण की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि डॉ. सुनील कुमार अग्रवाल एवं उनकी पत्नी प्रियंका गुप्ता द्वारा अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है।
आरोप है कि निर्माण के दौरान करीब 9 से 10 फीट गहरा बेसमेंट खोदा गया है।जिससे आसपास के मकानों की नींव प्रभावित होने और दरारें आने की आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण और खुदाई के कारण घरों तक जाने वाला सार्वजनिक रास्ता भी क्षतिग्रस्त हुआ।
बेसमेंट की खुदाई के बाद जमीन से पानी ऊपर आने के चलते आसपास के मकानों में सीलन की समस्या होने का भी आरोप लगाया गया है।शिकायतकर्ताओं ने देर रात तक निर्माण कार्य जारी रहने तथा विरोध करने पर कथित धमकी दिए जाने के आरोप भी लगाए हैं।
ग्रामीणों ने अस्पताल निर्माण में सेटबैक और अग्निशमन सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग भी की है। ग्रामीणों ने SDM से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराकर नियमों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन की प्रतियां मुख्यमंत्री,मंडलायुक्त मुरादाबाद,जिलाधिकारी बिजनौर समेत संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई हैं।
