
धामपुर। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी धामपुर में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज महिलाओं ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द समाधान की मांग उठाई।प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि कई बार एसडीएम व संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
उनका आरोप है कि हल्की बारिश होते ही पूरी कॉलोनी जलमग्न हो जाती है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।महिलाओं ने बताया कि जलभराव के कारण सांप, बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा बढ़ गया है। वहीं गंदा पानी जमा रहने से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों की आशंका भी बनी हुई है।
महिलाओं ने प्रशासन से तत्काल जलनिकासी, स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था, नियमित सफाई और दवा के छिड़काव की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
