
बिजनौर, जिले के धामपुर कस्बे में एक दुकान को लेकर विवाद सामने आया है। मामले में एक पक्ष का आरोप है कि वह पिछले करीब 12 वर्षों से दुकान पर व्यापार कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
लेकिन मंगलवार को दुकान पर पहुंचे लोगों ने उसका सामान जबरन बाहर फेंक दिया। जिससे उसे आर्थिक नुकसान हुआ। पीड़ित ने पुलिस से न्याय की मांग की है।जानकारी के अनुसार,यह दुकान मूल रूप से नगरपालिका की बताई जा रही है।
आरोप है कि इसे पहले एक व्यक्ति ने किराए पर लिया और बाद में दूसरे व्यक्ति को उपयोग के लिए दे दिया। इसी को लेकर अब विवाद गहरा गया है।वहीं,दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को दी गई शिकायत में अलग आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दुकान पर अवैध रूप से शराब पिलाने और बेचने जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
उनका यह भी आरोप है कि दुकान खाली कराने के दौरान उनके साथ अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।इस पूरे मामले पर जब नगरपालिका अध्यक्ष चौधरी रवि कुमार सिंह से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि संबंधित व्यक्ति को पहले ही नगरपालिका की ओर से नोटिस दिया गया था।
लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उनका कहना है कि नगरपालिका की दुकान किसी अन्य व्यक्ति को किराए पर नहीं दी जा सकती।नियमों के अनुसार दुकान खाली कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद दोनों पक्ष धामपुर थाने पहुंचे और अपनी-अपनी तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का कहना है कि दोनों शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
