• Thu. Jul 30th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

10 साल पुराने प्रेम-प्रसंग का दर्दनाक अंत,प्रेमिका के भाई ने युवक का गला रेतकर की हत्या।

ByMoradabadprahari

Jul 30, 2026

बिजनौर। बिजनौर जिले के स्योहारा थाना क्षेत्र में 10 साल पुराने प्रेम-प्रसंग का दर्दनाक अंत हो गया। प्रेमिका से शादी करने की जिद एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर रामगंगा नदी किनारे से शव बरामद कर लिया है।पुलिस के अनुसार, थाना स्योहारा क्षेत्र के चक महदूदसानी निवासी 32 वर्षीय नफीस अहमद 28 जुलाई की सुबह करीब छह बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

अगले दिन उसकी मां तसवीरन ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान पता चला कि नफीस का गांव अलादीनपुर निवासी सितारा के साथ पिछले करीब 10 वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और वह उससे शादी करना चाहता था।पुलिस जांच में सामने आया कि इसी बात से नाराज होकर सितारा के भाई उवैस ने नफीस को अपने घर के बाहर से कार में बैठाकर ले गया और धारदार हथियार से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी ने शव को मुरादाबाद जनपद के थाना कांठ क्षेत्र स्थित ग्राम सलेमपुर के मजरा फजलाबाद में रामगंगा नदी किनारे फेंक दिया।पुलिस ने आरोपी उवैस को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया।

शव के दोनों हाथ कमर के पीछे रस्सी से बंधे हुए मिले। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके। फिलहाल शव का पंचनामा और अन्य वैधानिक कार्रवाई थाना कांठ,जनपद मुरादाबाद पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *