
बिजनौर धामपुर ,पुष्प निकेतन स्कूल,धामपुर बिजनौर में 27 एवं 28 जुलाई को दो दिवसीय युवा संसद का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय कार्यप्रणाली तथा विधायी प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था। युवा संसद के प्रथम दिवस, 27 जुलाई को राज्यसभा का सत्र आयोजित किया गया, जिसमें एनआरआईसी–आईबीएस (NRIC–IBS) राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (पहचान और सीमा सुरक्षा) विधेयक, 2026 पर विस्तृत एवं सारगर्भित चर्चा हुई।
पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच विधेयक के विभिन्न प्रावधानों को लेकर तीखी बहस एवं प्रभावशाली तर्क-वितर्क देखने को मिला, जिससे सदन का वातावरण वास्तविक संसद जैसा प्रतीत हुआ। विचार-विमर्श के उपरांत विधेयक राज्यसभा से पारित कर दिया गया।
दूसरे दिन, 28 जुलाई को लोकसभा का सत्र आयोजित हुआ, जिसमें गंभीर चर्चा एवं बहस के पश्चात विधेयक को बहुमत से पारित कर दिया गया। इस प्रकार युवा संसद के शीतकालीन सत्र में उक्त विधेयक दोनों सदनों से सफलतापूर्वक पारित हुआ।इस प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने कौशल, तार्किक चिंतन एवं संसदीय ज्ञान का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों ने उन्हें सौंपे गए विभिन्न संसदीय पोर्टफोलियो एवं दायित्वों का अत्यंत प्रभावशाली ढंग से निर्वहन किया तथा पक्ष-विपक्ष के सदस्यों की भूमिका को पूर्ण गंभीरता एवं आत्मविश्वास के साथ निभाया। उनके प्रभावशाली वक्तव्यों, तथ्यों पर आधारित तर्कों और संसदीय शिष्टाचार ने कार्यक्रम को अत्यंत जीवंत एवं रोचक बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रश्मि रेखा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच एवं निर्णय लेने की योग्यता का विकास करते हैं। साथ ही वे उन्हें भविष्य की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने के लिए तैयार करते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सामाजिक विज्ञान विभाग के अध्यक्ष श्री विभोर भारद्वाज का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा। इसके अतिरिक्त वरुण देवरा,गरिष्ठ सिंह,जितेंद्र, हरमीत, पलाश विश्वास, भव्या कौशिक एवं शुभ अग्रवाल सहित अन्य शिक्षकों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
