• Tue. Jul 28th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

मुख्य विकास अधिकारी ने जिला स्वच्छता समिति की बैठक में दिए स्वच्छता कार्यों में तेजी लाने के निर्देश,

ByMoradabadprahari

Jul 28, 2026

मुरादाबाद ,मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में ओडीएफ प्लस के अंतर्गत कार्यों के सापेक्ष क्रेडिट लिमिट जारी कराने, वित्तीय वर्ष 2026-27 में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के निर्धारित लक्ष्यों, सामुदायिक शौचालयों, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीडब्ल्यूएमयू) के निर्माण एवं संचालन तथा बायोगैस प्लांट की स्थापना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।मुख्य विकास अधिकारी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में ओडीएफ प्लस योजना के अंतर्गत 169 ग्राम पंचायतों के लिए जारी क्रेडिट लिमिट के सापेक्ष विकास खंड भगतपुर टांडा, डिलारी, मुरादाबाद, मूंढापांडे तथा ठाकुरद्वारा में शीघ्र धनराशि व्यय करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए विकास खंड डिलारी में आय सबसे कम पाए जाने पर संबंधित खंड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को विशेष रुचि लेकर आय बढ़ाने तथा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।आरआरसी (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) के निर्माण एवं संचालन की समीक्षा के दौरान विकास खंड डिलारी एवं ठाकुरद्वारा में भूमि उपलब्ध न होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने शीघ्र भूमि चिन्हित कर आरआरसी केंद्रों का निर्माण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण से वंचित सभी पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी (जिला पंचायत), ब्लॉक प्रमुख मूंढापांडे, समस्त संबंधित खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम प्रधान एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed