| मृतकों के बैग,जिनमें करीब ₹80 हजार नकद थे और एक घायल का आईफोन भी गायब कर दिया। इस घटना ने इंसानियत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है |

बिजनौर जिले के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मानियावाला में उस समय मातम छा गया,जब दिल्ली जाते समय नेशनल हाईवे-09 पर हुए भीषण सड़क हादसे में गांव के तीन सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार अफ़ज़लगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मानियावाला के मूल निवासी अबरार,सरफराज और अफजाल करीब 30 वर्षों से दिल्ली में रहकर अपना कारोबार करते थे। रविवार को तीनों भाई अपने पैतृक गांव मानियावाला आए थे। यहां रिश्तेदारों से मुलाकात करने और कालागढ़ घूमने के बाद शाम को स्कॉर्पियो से दिल्ली के लिए रवाना हुए।बताया जा रहा है कि गढ़मुक्तेश्वर और हापुड़ के बीच नेशनल हाईवे-09 पर उनकी स्कॉर्पियो की सामने से आ रही एक कार से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि उनके साथ मौजूद तीन अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।तीनों मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन-तीन बच्चों सहित पूरे परिवार को छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही गांव मानियावाला में मातम पसर गया और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।इस हादसे का एक शर्मनाक पहलू भी सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने मृतकों के बैग,जिनमें करीब ₹80 हजार नकद थे और एक घायल का आईफोन भी गायब कर दिया। इस घटना ने इंसानियत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ चोरी के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
