
मुरादाबाद। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग (प्रथम), मुरादाबाद ने मरीज के इलाज में गंभीर लापरवाही का दोषी मानते हुए संबंधित डॉक्टरों और नर्सिंग होम के विरुद्ध क्षतिपूर्ति का आदेश पारित किया है। आयोग ने आदेश दिया है कि विपक्षीगण एक माह के भीतर परिवादिनी को 10 लाख रुपये की धनराशि ब्याज और क्षतिपूर्ति सहित अदा करें।
क्या है पूरा मामला? संभल जिले के सरायतरीन क्षेत्र निवासी परिवादिनी बाशरा (पुत्री मो. अहमद) निसंतान थीं और टेस्ट ट्यूब तकनीक से संतान प्राप्ति के लिए उन्होंने डॉ. श्रीमती नीतू रस्तोगी व डॉ. आई.एस. सचदेवा से संपर्क किया था। उपचार के दौरान उनसे दो लाख रुपये खर्च बताया गया और जांच आदि का व्यय अलग से लिया गया। आयोग के अध्यक्ष रमा शंकर सिंह और सदस्य रुचिका सारस्वत ने मामले की सुनवाई के बाद पाया कि इलाज के दौरान हुई गंभीर लापरवाही के परिणामस्वरूप विपक्षीगण द्वारा परिवादिनी का यूरेटर व एन्स कट गया और स्थिति बिगड़ने पर उन्हें हायर सेंटर सर गंगा राम अस्पताल, नई दिल्ली रेफर करना पड़ा। परिवादिनी की ओर से अधिवक्ता मो. जुनैद एजाज तथा विपक्षीगण की ओर से अधिवक्ताओं ने पक्ष रखा।
आयोग का मुख्य आदेश : सुनवाई के उपरांत आयोग ने परिवादिनी का परिवाद स्वीकार करते हुए निम्नलिखित निर्देश दिए हैं
इलाज का खर्च: विपक्षीगण 1 लगायत 3 द्वारा परिवादिनी को इलाज में हुए खर्च के रूप में 10,00,000 रुपये (दस लाख रुपये) अदा किए जाएं।
ब्याज: इस धनराशि पर वाद दायर करने की तिथि से भुगतान की तिथि तक 9% साधारण ब्याज देय होगा। मानसिक, शारीरिक व आर्थिक क्षति: लापरवाही के कारण हुई क्षति के लिए 15,000 रुपये (पंद्रह हजार रुपये) प्रदान किए जाएं।
वाद व्यय: मुकदमे के खर्च के रूप में 10,000 रुपये (दस हजार रुपये) दिए जाएं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि विपक्षीगण 1 लगायत 3 उपरोक्त निर्धारित धनराशि निर्णय की तिथि से एक माह के भीतर परिवादिनी को अदा करें।
नोट : ख़बर तैयार होने तक, डॉक्टर का पक्ष जानने के लिए शुभम नर्सिंगहोम के संचालक डॉक्टर से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका उनका पक्ष प्राप्त होने के बाद खबर में प्रकाशित किया जएगा
