
कांठ। कांठ तहसील बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के भंग होते ही बार संघ के चुनाव की सरगर्मी तेजी से बढ़ रही है। बार संघ के अध्यक्ष और महासचिव पदों सहित अन्य पदों के दावेदार भी पूरी तरह से सक्रिय हो गए हैं। कांठ तहसील बार संघ के आगामी चुनाव के लिए गठित चुनाव समिति/एल्डर कमेटी ने बैठक करते हुए नई कार्यकारिणी का चुनाव कराने के लिए चर्चा की है।कांठ तहसील बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी का प्रतिवर्ष एक साल के लिए चुनाव कराया जाता है। मौजूदा कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा होने के बाद 25 जुलाई को जनरल हाउस की बैठक में कार्यकारिणी को पूरी तरह से भंग कर दिया गया था।
साथ ही नई कार्यकारिणी का चुनाव कराने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता महावीर सिंह की अध्यक्षता में नौ सदस्यीय चुनाव समिति/एल्डर कमेटी का गठन किया गया था। सोमवार को चुनाव समिति/एल्डर कमेटी के अध्यक्ष वशिष्ठ अधिवक्ता महावीर सिंह की अध्यक्षता में एल्डर कमेटी की बैठक की गई।
जिसमें वर्ष 2026-27 के लिए कांठ तहसील बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का चुनाव कराने पर चर्चा की गई। साथ ही सम्पूर्ण मतदाता सूची उपलब्ध कराने के लिए निवर्तमान कार्यकारिणी को पत्र लिखा गया। उम्मीद जताई जा रही है कि बार कार्यकारिणी का चयन करने के लिए एल्डर कमेटी 15 अगस्त से पहले चुनाव करा सकती है। बैठक में चुनाव समिति/एल्डर कमेटी के उपाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह बिश्नोई,चौधरी कोमल सिंह और सुगम पंवार,संजीव कुमार बिश्नोई,शहाबुद्दीन, अजब सिंह सैनी,दीप सिंह को सदस्य मनोनीत किया गया।
कांठ तहसील बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के लिए प्रस्तावित चुनाव में अभी अध्यक्ष पद के लिए चार और महासचिव पद के लिए तीन नाम चर्चा में हैं। बार चुनाव में इस बार अभी तक अध्यक्ष पद के लिए चरन सिंह ढाका,यशवीर सिंह,डॉ. विनीत नैन और नेत्र सिंह मेहरा का नाम चर्चा में है। वहीं महासचिव पद के लिए शहजाद रफी,सुनील कुमार व नाजिम सैफी और कोषाध्यक्ष पद के लिए कपिल कुमार राणा एवं मोहम्मद नौशाद अंसारी के नाम चल रहे हैं। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए अभी तक शीशराम सिंह का ही नाम चर्चा में है।सभी दावेदारों ने अधिवक्ता मतदाताओं में अपनी जोड़-तोड़ भी शुरू कर दी है।
