• Mon. Jul 27th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

नर्सिंग होम में हंगामे से इलाज बाधित, डॉक्टर ने सुरक्षा और कार्रवाई की मांग

ByMoradabadprahari

Jul 27, 2026

(प्रतीकआत्मक चित्र)
मुरादाबाद। दिल्ली रोड स्थित डॉ. रघु चाइल्ड केयर सेंटर के संचालक डॉ. रघु प्रकाश ने पुलिस एवं प्रशासन को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उनके नर्सिंग होम में मरीज के परिजनों और अन्य लोगों द्वारा हंगामा कर मेडिकल सेवाओं में बाधा उत्पन्न की गई तथा डॉक्टर और स्टाफ को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया।


शिकायत के अनुसार, 1.8 किलोग्राम वजन के एक नवजात शिशु, जिसकी 11 जुलाई को जन्मजात आंतों की समस्या के कारण एक निजी अस्पताल में सर्जरी हुई थी, को 22 जुलाई को उल्टी की शिकायत होने पर डॉ. रघु चाइल्ड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान बच्चे में सेप्सिस (संक्रमण) पाए जाने पर उसका उपचार शुरू किया गया।


डॉ. रघु प्रकाश का आरोप है कि 24 जुलाई की रात लगभग 9 बजे मरीज के परिजनों ने पुलिस को बुला लिया, जिसके बाद करीब 30 लोग नर्सिंग होम में एकत्र हो गए। उन्होंने मुफ्त इलाज और बच्चे के पूरी तरह ठीक होने की गारंटी की मांग करते हुए दबाव बनाया। इससे अस्पताल का सामान्य कार्य प्रभावित हुआ और डॉक्टर, मेडिकल स्टाफ तथा अन्य मरीजों में भय का माहौल बन गया।


डॉ. रघु प्रकाश ने बताया कि स्थिति को देखते हुए उन्होंने कई बार पुलिस से सहायता मांगी। यह तनावपूर्ण माहौल देर रात लगभग 1 बजे तक बना रहा। सुरक्षा और उपचार व्यवस्था प्रभावित होने के कारण उन्होंने नवजात को आगे के इलाज के लिए उसी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसकी प्रारंभिक सर्जरी हुई थी।


शिकायत में डॉ. रघु प्रकाश ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने, अस्पताल में कथित रूप से हंगामा करने, डराने-धमकाने और चिकित्सा सेवाओं में बाधा डालने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों और चिकित्सा संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *