
बिजनौर। बिजनौर जनपद के हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव अजुपुरा जट में 71 वर्षीय वृद्धा वीरवती की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। प्रारंभिक तौर पर जिस घटना को गुलदार का हमला माना जा रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटना पाया गया है। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच हत्या के एंगल से तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम वीरवती अपने बेटे मनीराम के साथ खेत पर चारा काटने गई थीं। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दावा किया था कि खेत में छिपे गुलदार ने वृद्धा पर हमला कर दिया, जिससे उनकी जान चली गई। सूचना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि वृद्धा की मौत किसी जंगली जानवर के हमले से नहीं,बल्कि गला घोंटने के कारण हुई है। इसके बाद हीमपुर दीपा थाना पुलिस ने हत्या के सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि चांदपुर रेंज क्षेत्र में बीते एक वर्ष के दौरान यह दूसरा मामला है।जिसमें हत्या को तेंदुए के हमले का रूप देने की कोशिश सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीरोंदेवी की हत्या किसने और किन कारणों से की।
