• Thu. Jul 23rd, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की बैठक सम्पन्न

ByMoradabadprahari

Jul 23, 2026

मुरादाबाद, पौधारोपण की जियो टैगिंग शीघ्र पूर्ण करने एवं नए इको-टूरिज्म स्थलों के चयन के निर्देश।जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण अभियान, जिला गंगा योजना तथा इको-टूरिज्म से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान प्रभागीय निदेशक (वन) द्वारा पौधारोपण अभियान-2026 की प्रगति से अवगत कराया गया।

जिलाधिकारी ने अभियान के अंतर्गत लगाए गए सभी पौधों की जियोटैगिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि पौधारोपण की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जाए, जिससे अभियान के उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरे हो सकें।जिला गंगा समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिला गंगा योजना के अंतर्गत अपेक्षित प्रगति न होने पर असंतोष व्यक्त किया।

उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों में तेजी लाई जाए तथा आगामी बैठक तक प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप एजेंडा विभागवार तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करें, जिससे योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जा सके।बैठक में पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मोड़ा तैया वेटलैंड के अतिरिक्त जनपद में इको-टूरिज्म की संभावनाओं वाले अन्य उपयुक्त स्थलों का चयन कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने चक्कर की मिलक स्थित तीन नदियों के संगम स्थल को विकसित कर उसे “त्रिवेणी संगम” के रूप में विकसित किए जाने का सुझाव देते हुए कहा कि इस संबंध में संभावनाओं का परीक्षण कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाए, जिससे यह स्थल धार्मिक, पर्यावरणीय एवं पर्यटन की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहचान प्राप्त कर सके।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी सहित प्रभागीय निदेशक (वन) एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *