• Mon. Sep 7th, 2026

भाकियू (तोमर) ने पुलिस उत्पीड़न व जनसमस्याओं पर खोला मोर्चा, 27 जुलाई को एसएसपी कार्यालय पर महापंचायत की चेतावनी

ByMoradabadprahari

Jul 23, 2026
यदि प्रशासन ने 25/07/2026 तक समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो 27/07/2026 को एसएसपी कार्यालय मुरादाबाद पर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जोरदार प्रदर्शन और पंचायत होगी,

मुरादाबाद।भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने जनपद में बढ़ते पुलिस उत्पीड़न, भ्रष्टाचार और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासनिक ढुलमूल रवैये के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 25 जुलाई तक उनकी मांगों पर ठोस और सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई, तो 27 जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर के नेतृत्व में हजारों किसान एसएसपी कार्यालय मुरादाबाद पर विशाल पंचायत करेंगे।

यह निर्णय बृहस्पतिवार (23 जुलाई 2026) को जिलाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा के आवास पीतल नगरी, मुरादाबाद ,पर आयोजित एक आपातकालीन बैठक में लिया गया, जिसमें मुरादाबाद मंडल अध्यक्ष काशिद हुसैन एवं सैकड़ो कार्यकर्ता विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक में उठाई गई मुख्य मांगें व बिंदु:

निष्पक्ष जांच की मांग: थाना मूंढापांडे (मु0अ0सं0 116/2026) तथा थाना कटघर (मु0अ0सं0 43/2026) के मुकदमों में पक्षपात के आरोप लगाते हुए, वर्तमान विवेचकों को हटाकर किसी अन्य सक्षम अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।

सत्यापन में अवैध वसूली पर रोक: संगठन ने आरोप लगाया कि ज़मानत तफ़्तीश और पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर 1000 से 1500 रुपये तक ‘सुविधा शुल्क’ वसूला जा रहा है। संबंधित दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्यवाही की जाए।

चेकिंग के नाम पर उत्पीड़न बंद हो: वाहन चेकिंग के दौरान कागजों की कॉपी दिखाने को लेकर किसानों व आम जनता को बेवजह परेशान न किया जाए। चेकिंग के दौरान कागजों का सत्यापन ऑनलाइन किया जायें ।

नलकूप मोटर चोरी पर तत्काल एफआईआर: किसानों के ट्यूबवेल से मोटर चोरी की घटनाओं पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में हीला-हवाली करती है। सभी चोरी की घटनाओं में तुरंत एफआईआर दर्ज कर सख्त कदम उठाए जाएं।

फर्जी मेडिकल व क्रॉस केस पर रोक: बिना पर्याप्त आधार के मुकदमे में धाराएं बढ़ाने/घटाने और फर्जी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर क्रॉस केस दर्ज करने के खेल की जांच कर दोषियों पर कार्यवाही और किसी पीड़ित पर क्रॉस केस कर अनावश्यक दबाव न बनाया जाए ।

अवैध कारोबार पर अंकुश: जनपद में फल-फूल रहे नशे के काले कारोबार, सट्टेबाजी और पशु चोरी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की गई।

27 जुलाई को आर-पार की लड़ाई जिलाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा और मंडल अध्यक्ष काशिद हुसैन ने कहा कि संगठन का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना पीड़ितों और आम जनमानस एवं किसानों को न्याय दिलाना है। यदि प्रशासन ने 25/07/2026 तक समस्याओं का निष्पक्ष समाधान नहीं किया, तो 27/07/2026 को एसएसपी कार्यालय मुरादाबाद पर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जोरदार प्रदर्शन और पंचायत होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।इस दौरान बैठक में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में अनूप कुमार मिश्रा ने यह भी कहा है कि 27 जुलाई को होने वाली पंचायत में हजारों की संख्या में किसान अपने ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों से पंचायत में हिस्सा लेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *